Mumbai News: मुंबई में दो ब्रेनडेड के अंगदान से दस मरीजों को मिली नई जिंदगी

मुंबई में दो ब्रेनडेड के अंगदान से दस मरीजों को मिली नई जिंदगी
  • वर्ष 2022 का टूटा रिकॉर्ड
  • इस साल का 49वां सफल अंगदान
  • वर्ष 2023 में हुए थे 50 ब्रेनडेड मरीजों के अंगदान

Mumbai News मुंबई में बीते 24 घंटे में दो ब्रेनडेड हुए मरीजों के अंगदान से 10 मरीजों को नई जिंदगी मिली है। यह इस साल का 49वां सफल अंगदान है। अंगदान के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण इस साल के अंगदान से वर्ष 2022 का रिकॉर्ड टूट पाया है। वर्ष 2022 में 47 ब्रेनडेड मरीजों का अंगदान हुआ था।

मुलुंड के फोर्टिस अस्पताल में बुधवार को एक 62 वर्षीय बुजुर्ग को डॉक्टरों ने ब्रेनडेड घोषित किया था। परिजनों की सहमति पर बुजुर्ग का लिवर, किडनी और कॉर्निया डोनेट कर पांच लोगों को नई जिंदगी दी गई है। इस बुजुर्ग के अंगदान के 24 घंटे के भीतर ही मुंबई के वॉकहार्ट अस्पताल में 51 वर्षीय व्यक्ति को ब्रेनडेड घोषित कर दिया गया। यहां भी परिजनों की सहमति पर ब्रेनडेड व्यक्ति का लिवर, किडनी, कॉर्निया और स्मॉल बाउल दान करने से पांच मरीजों को नई जिंदगी मिल पायी है।

10 महीने में 135 से अधिक लोगों को नई जिंदगी : जेडटीसीसी के मुताबिक इस साल 10 महीने में 49वां अंगदान सफल रहा है। इस अंगदान से 135 से अधिक लोगों को नई जिंदगी मिली है। बीते कुछ वर्षों में अंगदान के मामले में तेजी आई है। वर्ष 2022 के मुकाबले 2023 में अधिक अंगदान हुए हैं। वर्ष 2023 में हुए 50 ब्रेनडेड मरीजों के अंगदान से 144 लोगों को नई जिंदगी मिली थी। जबकि वर्ष 2022 में 47 ब्रेन डेड मरीजों के अंगदान से 124 लोगों को जिंदगी मिली थी। जेडटीसीसी ने आशा जताई है कि इस साल अधिक अंगदान होने से पिछले साल का रेकॉर्ड टूट सकता है।


Created On :   18 Oct 2024 2:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story