बेमौसम बारिश से मौसम रहेगा कूल-रविवार तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला

महाराष्ट्र बेमौसम बारिश से मौसम रहेगा कूल-रविवार तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला

Bhaskar Hindi
Update: 2023-03-21 15:00 GMT
बेमौसम बारिश से मौसम रहेगा कूल-रविवार तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई सहित एमएमआर में मंगलवार सुबह बेमौसम बारिश ने जोरदार दस्तक दी है। इस सप्ताह तक राज्य के कई इलाकों में बेमौसमी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। बारिश के चलते मौसम ठंडा रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश  का अनुमान मौसम विभाग ने जताया था। मौसम विभाग ने कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया था। बीते कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में बेमौसमी बारिश हो रही है। मंगलवार सुबह मुंबई में भी बेमौसमी बारिश ने दस्तक दे दी। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक मुंबई शहर और उपनगरों के कई इलाकों में 18 से 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

क्षेत्रीय मौसम विभाग की वरिष्ठ अधिकारी सुषमा नायर ने बताया कि पश्चिम से चल रहीं हवाएं और अरब सागर से आ रही नमी के चलते मंगलवार को मुंबई व आसपास इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कोंकण के कुछ हिस्सों में  दो दिनों तक रिमझिम और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में अगले 2 से 3 दिनों तक आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि का भी अनुमान है।

इन जिलों के लिए येलो अलर्ट 

मौसम विभाग ने धुले, नंदुरबार, नासिक, सोलापुर, परभणी, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, उस्मानाबाद, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया और नागपुर जिले में 24 और 25 मार्च को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि वर्धा, वाशिम और यवतमाल जिले के लिए 25 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 

 सप्ताहभर बाद मुंबई का पारा लुढ़का

सुषमा नायर ने बताया कि सप्ताहभर बाद मुंबई में न्यूनतम पारा में गिरावट देखी गई है। सप्ताह भर पहले तक मुंबई में न्यूनतम तापमान सामान्य तापमान से एक से दो डिग्री अधिक रिकॉर्ड हो रहा था। इस दौरान रात का तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन सुबह से मौसम में आए बदलाव से न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से एक डिग्री कम था। 

 

Tags:    

Similar News