सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर विधान परिषद में हंगामा

विपक्ष ने किया वॉक आउट सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर विधान परिषद में हंगामा

Bhaskar Hindi
Update: 2023-03-14 15:41 GMT
सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर विधान परिषद में हंगामा

डिजिटल डेस्क, मुंबई. पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग को लेकर राज्य सरकार के कर्मचारियों की शुरू हुई बेमियादी हड़ताल की गूंज मंगलवार को विधान परिषद में सुनाई दी। विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 10-10 मिनट के लिए दो बार स्थगित हुई। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉक आउट कर दिया। इस कारण सदन में विपक्ष के बिना ही दिन भर कामकाज हुआ।

मंगलवार को सदन में जेडीयू के सदस्य कपिल पाटील ने कार्य स्थगन प्रस्ताव के जरिए कर्मचारियों के हड़ताल का मुद्दा उठाया। इस दौरान कांग्रेस के सदस्य अभिजीत वंजारी और राकांपा के सदस्य विक्रम काले ने भी सदन में पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की मांग की। इसके बाद उपसभापति नीलम गोर्हे ने विपक्ष के कार्य स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इससे नाराज विपक्ष के सदस्यों ने वेल में आकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे सदन की कार्यवाही पहले 10 मिनट इसके बाद फिर से 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। बाद में सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस सदस्य वंजारी सहित विपक्ष के सदस्य नारेबाजी करने लगे। 

विपक्ष के सदस्यों ने कहा कि जो पेंशन कि बात करेगा, वही महाराष्ट्र पर राज करेगा। इस बीच विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि राज्य में सरकारी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अथवा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सदन में आकर सरकार की भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। 

बीच का रास्ता निकालने की कोशिश कर रही सरकारः पाटील 

इसके जवाब में राज्य के संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटील ने कहा कि सरकार पेंशन योजना लागू करने के लिए नकारात्मक नहीं है। राज्य सरकार सरकारी कर्मचारियों की मांग को लेकर कोई न कोई बीच का रास्ता निकालने का प्रयास कर रही है। सरकार पेंशन योजना लागू करने की मांग पर अध्ययन के लिए एक समिति बनाने को तैयार है। इसलिए विपक्ष को सदन का कामकाज चलने देना चाहिए।

सरकारी कर्मचारियों के साथ खड़े हैं हमः उद्धव ठाकरे

शिवसेना (उद्धव ठाकरे) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए कहा कि राज्य सरकार को पुरानी पेंशन योजना लागू करने को लेकर क्यों आपत्ति है। वह भी जब इतनी बड़ी महाशक्ति (केंद्र सरकार) पीछे खड़ी है। उन्होंने कहा कि शिवसेना सरकारी कर्मचारियों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। देश के कई राज्यों ने पुरानी पेंशन योजना लागू की है। पर फडणवीस-शिंदे सरकार टालमटोल क्यों कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राज्य सरकार पुरानी पेंशन योजना बहाल नहीं कर सकती को कुर्सी छोड़ दे। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों का कर्ज माफ करने के लिए सरकार के पास पैसे हैं पर कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए नहीं।  

 

Tags:    

Similar News