फर्जी पासपोर्ट और वीजा बनाकर लोगों को विदेश भेजने वाले गिरोह के दो गिरफ्तार

फर्जीवाड़ा फर्जी पासपोर्ट और वीजा बनाकर लोगों को विदेश भेजने वाले गिरोह के दो गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2023-01-25 15:14 GMT
फर्जी पासपोर्ट और वीजा बनाकर लोगों को विदेश भेजने वाले गिरोह के दो गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फर्जी पासपोर्ट और वीजा बनाकर लोगों को विदेश भेजने वाले एक गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 28 फर्जी पासपोर्ट, 24 फर्जी वीजा के साथ इसे बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कई सामान जब्त किए हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम इम्तियाज शेख और सुधीर सावंत है। पकड़े गए आरोपियों ने अब तक कई लोगों को फर्जी पासपोर्ट और वीजा पर विदेश भेजने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस उन लोगों की पहचान में जुटी है जो आरोपियों की मदद से फर्जी कागजात के आधार पर विदेश गए हैं या जाने की कोशिश कर रहे हैं। 

डीसीपी प्रशांत कदम ने बताया कि शेख लंबे समय से इस तरह के काम में शामिल रहा है और उसे इससे पहले दिल्ली पुलिस भी गिरफ्तार कर चुकी है। जमानत मिलने के बाद उसने मुंबई में आकर यह फर्जीवाडा शुरू कर दिया। लोगों को जाल में फंसाने के लिए उसने कई एजेंट बना रखें हैं। आरोपियों द्वारा बनाया गया पासपोर्ट और वीजा एक दम असली लगता है और वे कई बार इमिग्रेशन अधिकारियों को झांसा देने में कामयाब रहे हैं। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गुप्त सूचना के आधार पर अंधेरी के डीएन नगर इलाके में स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा जिसके बाद इसका खुलासा हुआ। फ्लैट से पुलिस को विभिन्न देशों, बैंकों, अधिकारियों के नाम पर बने 414 रबर स्टैंप के साथ कंप्यूटर और दूसरे उपकरण भी मिले। इसके अलावा आरोपी लोगों को फर्जी कोविड प्रमाणपत्र भी देते थे। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को 4 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में दूसरे फरार आरोपियों की भी तलाश में जुटी हुई है। 

Tags:    

Similar News