167 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार, आरोपियों में महिला शामिल

167 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार, आरोपियों में महिला शामिल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-17 13:03 GMT
167 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार, आरोपियों में महिला शामिल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एंटी नार्कोटिक्स सेल (एएनसी) ने विक्रोली इलाके से 167 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की खेप की कीमत 33 लाख रुपए से ज्यादा है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने टैगोर नगर में जाल बिछाया

एएनसी की घाटकोपर यूनिट ने पुलिस इंस्पेक्टर शशांक शेलके की अगुआई में कार्रवाई की। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विक्रोली के टैगोर नगर इलाके में जाल बिछा रखा था। इसी दौरान जोगेश्वरी विक्रोली लिंक रोड पर एक कार में पहुंचे तौसीफ खान(19) की तलाशी ली गई तो उसके पास 22 किलो गांजे से भरा एक बैग मिला।

तीन बोरों में 130 किलो गांजा भरा था, और 15 किलो बरामद

पुलिस अधिकारियों ने गाड़ी की तलाशी के दौरान कार का पिछला हिस्सा खोला तो उसमें तीन बोरे मिले जिनमें 130 किलो गांजा भरा हुआ था। मुंबई से सटे नालासोपारा इलाके में रहने वाले खान से पूछताछ के बाद पुलिस को साकीनाका इलाके में रहने वाली परवीन जाफरी(40) के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने परवीन के घर की तलाशी ली तो वहां से भी 15 किलो गांजा बरामद किया गया।

बाजार में कीमत 33 लाख 40 हजार रुपए, एफआईआर दर्ज छानबीन शुरू

एएनसी ने आरोपियों के पास से कुल 167 किलो गांजा बरामद किया जिसकी बाजार में कीमत 33 लाख 40 हजार रुपए है। इसके अलावा गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एएनसी ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 20, 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस बात की छानबीन की जा रही है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाते थे और उसे किन लोगों तक पहुंचाते थे।

Similar News