ईरान से भारत आई तीन महिलाएं मोबाईल चोरी के आरोप में गिरफ्तार

ईरान से भारत आई तीन महिलाएं मोबाईल चोरी के आरोप में गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-26 15:55 GMT
ईरान से भारत आई तीन महिलाएं मोबाईल चोरी के आरोप में गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नवघर पुलिस ने दुकानदार का ध्यान भटकाकर मोबाइल चोरी करने वाली तीन ईरानी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। घटना की वीडियो वायरल हो गया था, जिसके बाद एक शख्स ने फोन कर पुलिस को महिलाओं के बारे में जानकारी दी। पकड़ी गई तीनों महिलाएं मेडिकल वीजा पर ईरान से भारत आईं थीं। 

तीनों महिलाएं सोमवार को मुलुंड इलाके में स्थित नील टेलिकॉम नाम की एक मोबाइल की दुकान पर खरीदारी के बहाने गईं थीं। यहां दो महिलाओं ने दुकानदार से अपने पास सिर्फ विदेशी मुद्रा होने और उसे बदलने की जरूरत बताते हुए उलझाए रखा जबकि उनके साथ आई तीसरी महिला ने एक 22 हजार रुपए के मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया।

शुरूआत में दुकानदार को चोरी की जानकारी नहीं हुई थी लेकिन बाद में उसने सीसीटीवी देखा तो चोरी का खुलासा हुआ इसके बाद नवघर पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर चोरी का वीडियो वायरल हो गया। जिसे देखने के बाद एक शख्स ने महिलाओं को देखने की जानकारी पुलिस को दी।

तब तक पुलिस भी चुराए गए मोबाइल की आईएमईआई नंबर के आधार पर भी महिलाओं की लोकेशन ढ़ूंढ कर उन तक पहुंच चुकी थी। गिरफ्तार की गई महिला आरोपियों के नाम मोहल जाफरी, सेहरा और लैला है। तीनों इलाज के नाम पर मेडिकल वीजा लेकर भारत आईं थीं। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि क्या आरोपी महिलाओं ने इससे पहले भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। सीनियर इंस्पेक्टर पुष्कराज सूर्यवंशी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। 

 

Similar News