हादसों में दम्पत्ति समेत तीन ने गंवाई जान

दर्दनाक हादसों में दम्पत्ति समेत तीन ने गंवाई जान

Bhaskar Hindi
Update: 2022-04-26 13:42 GMT
हादसों में दम्पत्ति समेत तीन ने गंवाई जान

डिजिटल डेस्क, यवतमाल। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे बुर्जुग दम्पति को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीररूप से घायल होने के बाद पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रविवार 24 अप्रैल की रात 9.30 बजे के दौरान कलंब-यवतमाल मार्ग पर भारी गांव के पास हुआ। हादसे के बाद वाहन चालक को पकड़ने की मांग करते हुए ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए रास्तारोको किया। लेकिन पुलिस अधिकारी और तहसीलदार के समझाने के बाद उन्होंने आंदोलन खत्म किया। मृतक का नाम मुरझड़ी के जवाहर नगर निवासी भुतु नागोराव येलकर (55) और सरस्वती भुतु येलकर (50) बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मृतक दम्पति रविवार की रात भारी गांव के पास सड़क पार कर रहे थे। दौरान सफेद रंग के अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में भुतु येलकर (55) और सरस्वती येलकर (50) गंभीररूप से घायल होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक वाहन के साथ फरार हो गया। वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नागरिकों ने कुछ देर तक रास्तारोको आंदोलन किया। जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही यवतमाल के एसडीपीओ संपत भोसले, तहसीलदार कुणाल झाल्टे दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने संतप्त नागरिकों को समझाकर यातायात सुचारू कराई। घटना की शिकायत मृतक के दामाद ने रविवार की देर रात शहर थाने में दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भादंवि की धारा 279, 304अ, 184, 134 के तहत अपराध दर्ज किया है। 

ट्रैक्टर से गिरा मजदूर आया ट्रक की चपेट में 

उधर आर्णी में ईंटे लेकर जा रहे ट्रैक्टर का टायर फटने से ट्रॅाली में ईंट के ढेर पर बैठा मजदूर नीचे गिर गया। उसी वक्त पीछे आ रहे ट्रक के पहिए की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना आर्णी शहर के पास दत्तरामपुर में सोमवार 25 अप्रैल की सुबह 10 बजे घटी। मृतक का नाम यवतमाल तहसील के भांबराजा निवासी गणेश पंधरे बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मृतक भांबराजा में एक ईंट भट्टी पर मजदूरी का काम करता था। सोमवार की सुबह वह ट्रैक्टर में ईटे भरकर आर्णी मार्ग से उमरी जा रहा था। दौरान आर्णी के पास स्थित दत्तरामपुर में ट्रैक्टर का टायर फटने से ट्रॉली में भरी ईंट के ढेर पर बैठा गणेश नीचे गिर गया। ठीक इसी वक्त पीछे से आ रहे यूपी 94 टी 6792 नंबर के ट्रक के पहियो में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आर्णी के पुलिस निरीक्षक पितांबर जाधव ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ था।   

 


 

Tags:    

Similar News