अकेले हज यात्रा पर जाएंगी महाराष्ट्र की 16 महिलाएं, इस बार सबसे कम आवेदन 

अकेले हज यात्रा पर जाएंगी महाराष्ट्र की 16 महिलाएं, इस बार सबसे कम आवेदन 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-22 16:13 GMT
अकेले हज यात्रा पर जाएंगी महाराष्ट्र की 16 महिलाएं, इस बार सबसे कम आवेदन 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अमित कुमार। प्रदेश में इस साल औरंगाबाद से 583 और नागपुर से 289 मुस्लिम धर्मावलंबी हज यात्रा पर जाएंगे। जबकि मुंबई से सर्वाधिक 1902 यात्री हज यात्रा के लिए रवाना होंगे। वहीं गड़चिरोली से सबसे कम 16 लोग हज यात्रा पर जा रहे हैं। केंद्र सरकार की अनुमति के बाद पहली बार राज्य की 16 महिलाएं बगैर मेहरम  के हज यात्रा पर जाएंगी। प्रदेश के अल्पसंख्यक विकास राज्य मंत्री दिलीप कांबले ने बातचीत में यह जानकारी दी।

इस साल सबसे कम 43,779 आवेदन
उन्होंने बताया कि प्रदेश में हज यात्रा के लिए बीते चार सालों में इस साल सबसे कम 43,779 आवेदन प्राप्त हुए हैं। लेकिन कोटा बढ़ाए जाने के कारण इस बार सबसे अधिक 11,527 यात्रियों को हज के लिए जाने का मौका मिल रहा है। जिसमें सामान्य श्रेणी में 9572 यात्री हज के लिए जाएंगे। 70 साल से अधिक आयु वाले 1,939 यात्री शामिल हैं। जबकि 16 महिलाएं महरम के बिना हज पर जाने के लिए तैयार हुई हैं।

यहां से इतने आवेदन
कांबले ने बताया कि इस साल अकोला से 265, अहमदनगर से 238, अमरावती से 312, नाशिक से 513, बीड़ से 237, भंडारा से 20, बुलढाणा से 262, चंद्रपुर से 68, धुलिया से 140, गोंदिया से 19, हिंगोली से 94, जलगांव से 414, नंदूरबार से 71, जालना से 203, लातूर से 272, नांदेड़ से 349, वर्धा से 40, यवतमाल से 178, वाशिम से 105, उस्मानाबाद से 125, हिंगोली से 94, परभणी से 227, पुणे से 499 और ठाणे से 979 यात्री हज के लिए जाएंगे।

राज्य में तीन इम्बारकेशन पाइंट
महाराष्ट्र से हज यात्रा पर जाने के लिए मुंबई, नागपुर और औरंगाबाद इन तीन जगहों पर इम्बारकेशन पाइंट बनाए गए हैं। हज यात्रियों की सुविधा के लिए नागपुर के भालदारपुरा में हज हाऊस बनाया गया है। औरंगाबाद में 29.88 करोड़ रुपए खर्च करके हज हाऊस बनाया जा रहा है। यहां पर इमारत का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। राज्य सरकार ने अब तक निर्माण कार्य के लिए 20 करोड़ रुपए की निधि वितरित की है।

मुंबई में 20 फीसदी मुस्लिम आबादी
साल 2011 की जनगणना के अनुसार राज्य में मुस्लिमों की कुल आबादी 1 करोड़ 29 लाख 71 हजार 152 है। जिसमें पुरुष 67 लाख 89 हजार 127 और महिलाएं 61 लाख 82 हजार 25 हैं। राज्य में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी 19.81 प्रतिशत मुंबई में है। जबकि औरंगाबाद में 6.06 प्रतिशत, नागपुर में प्रतिशत 3.01, नांदेड़ में 3.64 प्रतिशत, नाशिक में 5.34 प्रतिशत, ठाणे में 10.19 प्रतिशत, पुणे में 5.19 प्रतिशत मुस्लिम समाज के लोग रहते हैं।

हज के लिए आवेदन और यात्रियों की संख्या
साल         प्राप्त आवेदन   प्राथमिक कोटा     प्रत्यक्ष रूप से गए यात्री    खादिमुल-हुज्जाज (मददगार)   

2015        53,786          7,356                8,078                          27         
2016        54,158          7,357                8,187                          38  
2017        57,259          9,244               10,189                         49
2018        43,779          11,527               --                                 --  
 

Similar News