यूपी में कानून-व्यवस्था में और सुधार की जरूरत- राम नाईक

यूपी में कानून-व्यवस्था में और सुधार की जरूरत- राम नाईक

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-24 14:00 GMT
यूपी में कानून-व्यवस्था में और सुधार की जरूरत- राम नाईक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था में योगी सरकार आने के बाद सुधार हुआ है, लेकिन इसे और बेहतर बनाए जाने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने मुंबई हिंदी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में आ रहे सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि उच्च शिक्षा हासिल करने के मामले में लड़कियां लड़कों से आगे हैं। 

हाल ही में जेल में बंद मुन्ना बजरंगी की हत्या से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए नाईक ने कहा कि आपराधिक वारदातें होने के बाद सरकार जो कार्रवाई करती है उसमें फर्क आया है। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की जो कोशिश चल रही है उसके लिए कानून व्यवस्था की स्थिति में और सुधार की जरूरत है। नाईक के मुताबिक उत्तर प्रदेश में इंवेस्टमेंट समिट के दौरान 1048 सहयोग से समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए जिससे प्रदेश में 4.28 लाख करोड़ का निवेश होगा। आगामी 29 जुलाई को प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे और इन समझौतों को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए कई काम शुरू किए जाएंगे। 

उच्चशिक्षा के मामले में लड़कियां बेहतर
नाईक ने बताया कि राज्य के 25 विश्वविद्यालयों में बतौर कुलाधिपति उन्होंने उच्च शिक्षा में सुधार के लिए कई कदम उठाए। इसी का नतीजा है कि महिलाओं की उच्चशिक्षा में न सिर्फ सुधार हुआ है, बल्कि लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोहों में जिन 15 लाख 60 हजार 375 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं उनमें से 7 लाख 97 हजार 646 यानी 51 फीसदी लड़कियां थीं। यही नहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिए गए 1653 पदकों में से 66 फीसदी छात्राओं ने हासिल किए।

चार साल के कामकाज का ब्यौरा
राम नाईक ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के तौर पर 22 जुलाई को चार साल पूरे किए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने चार सालों के अपने कामकाज का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि पिछले चार सालों में करीब 25 हजार आम लोगों से राजभवन में मुलाकात की। उन्होंने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह आयोजित किए जाने में अहम भूमिका निभाई। राम नाईक ने कहा कि वे महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच सेतु का काम कर रहे हैं। इस मौके पर राज्यपाल के चार वर्षों के कार्यवृतांत पर हिंदी व उर्दु में प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

मुंबई हिंदी पत्रकार संघ द्वारा मुंबई प्रेस क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश तिवारी ने किया। इस मौके पर मुंबई भाजपा के महासचिव व अभियान संगठन के अध्यक्ष अमरजीत मिश्र, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, महासचिव विजय सिंह ‘कौशिक’, उपाध्यक्ष विनोद यादव, सचिव राजकुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मिश्र, अशोतक शुक्ल व हरिगोविंद विश्वकर्मा समेत कई पदाधिकारी और पत्रकार मौजूद थे।

 

 

Similar News