सूदखोर ने कपड़ा व्यापारी से ढाई लाख के 30 लाख वसूले

कोतवाली थाने में मामला दर्ज, आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस सूदखोर ने कपड़ा व्यापारी से ढाई लाख के 30 लाख वसूले

Bhaskar Hindi
Update: 2023-03-05 17:17 GMT
सूदखोर ने कपड़ा व्यापारी से ढाई लाख के 30 लाख वसूले

जबलपुर।  कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मछरहाई के पास कपड़ा की दुकान संचालित करने वाले दुकानदार ने सूदखोर से ढाई लाख का कर्ज लिया था। बदले में उसने 30 लाख चुकता कर दिए उसके बाद भी सूदखोर और पैसों की माँग कर उसे धमका रहा था। धमकी से तंग आकर कपड़ा व्यापारी ने थाने पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी सूदखोर की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जानकी नगर स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी जय कुमार रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मछरहाई में कपड़े की दुकान चलाता है। व्यवसाय के लिए उसने वर्ष 2013-14 में विजय नगर निवासी यादवेंद्र यादव उर्फ मोनू यादव से 2 लाख 60 हजार रुपये कर्ज लिया था। कर्ज के बदले उसने एक हस्ताक्षरित चेक लिया था। रकम चुकता होने पर उसने चेक लौटाने की बात कही थी। इसके बाद उसने सूदखोर को करीब 27 लाख रुपये चुका दिए उसके बाद भी सूदखोर उससे पैसों की माँग कर परेशान करने लगा। इस बात की जानकारी लगने पर व्यापारी के पिता तिलक राज ने 1 लाख 40 हजार रुपये सूदखोर को दिए थे। कुछ दिन शांत रहने के बाद वह फिर पैसों की माँग करने लगा और व्यापारी ने इस शर्त पर उसे डेढ़ लाख रुपये दिए कि वह चेक लौटा देगा लेकिन उसने चेक नहीं लौटाया और अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भिजवाकर 5 लाख रुपये देने कहा गया था।

दस प्रतिशत की दर से वसूली
पीडि़त ने बताया कि सूदखोर ने उससे दस प्रतिशत की दर से ब्याज की वसूली की और उसके बाद भी कर्ज ज्यों का त्यों बता रहा था। सूदखोर उसे धमका रहा था कि पैसे नहीं मिलने पर चेक बैंक में लगा देगा, वहीं घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दे रहा था।

कर्जा एक्ट के तहत मामला दर्ज
टीआई अनिल गुप्ता ने बताया कि आरोपी यादवेंद्र यादव उर्फ मोनू आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। आरोपी द्वारा कपड़ा व्यापारी से कर्ज की वसूली के लिए धमकाए जाने की रिपोर्ट पर कर्जा एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पी-4

Tags:    

Similar News