अब नहीं लगाने पड़ेंगे थाने के चक्कर, FIR के बाद SMS से मिलेगी जानकारी 

अब नहीं लगाने पड़ेंगे थाने के चक्कर, FIR के बाद SMS से मिलेगी जानकारी 

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-06 16:58 GMT
अब नहीं लगाने पड़ेंगे थाने के चक्कर, FIR के बाद SMS से मिलेगी जानकारी 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के बाद उस पर हुई कार्रवाई के बारे में जानने के लिए लोगों को अब पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। पुलिस जल्द ही शिकायत दर्ज कराने वालों को मोबाइल पर मामले में हुई कार्रवाई से जुड़ा संदेश भेजेगी। फिलहाल दादर के शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन से इसकी शुरुआत की गई है। ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराने की सुविधा के बाद अब एसएमएस के जरिए मामले की ताजा स्थिति से शिकायतकर्ताओं को अवगत कराया जाता रहेगा। फिलहाल मुंबई पुलिस हर शनिवार को शिकायतकर्ताओं को पुलिस स्टेशन बुलाकर मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी देती थी। लेकिन पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाने में लोगों को काफी परेशानी होती थी। लेकिन अब एफआईआर दर्ज होने, आरोपी की गिरफ्तारी, जांच अधिकारी बदले जाने और आरोपपत्र दायर होने से जुड़ी जानकारी लोगों को उनके दर्ज मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक इससे पारदर्शिता बढ़ेगी।

यह था मामला
दरअसल शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में एक महिला ज्वेलरी डिजाइनर ने कारीगर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया था कि उसने कारीगर को 25 लाख रुपए के हीरे और सोने के सिक्के दिए थे। जिससे गहने बनाए जाने थे लेकिन आरोपी रवींद्रनाथ दास ने बाद में महिला को बताया कि उसने हीरे और सोना गिरवी रख दिया है और अब उसे छुड़ाने के लिए पांच लाख रुपयों की जरुरत है। महिला ने दास को पैसे भी दिए इसके बावजूद जब दास ने गहने बनाकर नहीं दिए तो महिला ने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत की। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने दास को उसके भाई के घर से गिरफ्तार किया तो इसकी जानकारी महिला को एसएमएस के जरिए मिल गई।

सीसीटीएनएस करेगा मदद  
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) देवेन भारती के मुताबिक फिलहाल प्रयोग के तौर पर इसे शुरू किया गया है और अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो इसे जल्द ही मुंबई के सभी पुलिस स्टेशनों में लागू कर दिया जाएगा। महाराष्ट्र पुलिस को आधुनिक बनाने के लिए क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) बनाया गया है। एफआईआर और इस सिलसिले में हुई कार्रवाई जैसे ही सिस्टम में अपडेट की जाएगी इससे जुड़ा संदेश शिकायतकर्ता के मोबाइल पर अपने आप चला जाएगा।

Similar News