ससुराल वालों से बदला लेने युवक ने रची अपनी हत्या की साजिश

ससुराल वालों से बदला लेने युवक ने रची अपनी हत्या की साजिश

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-25 13:10 GMT
ससुराल वालों से बदला लेने युवक ने रची अपनी हत्या की साजिश

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस ने एक ऐसे शख्स को पकड़ा है जिसे उत्तर प्रदेश में मृत मानकर उसकी हत्या के मामले में ससुराल के चार लोगों को आरोपी बना दिया गया है। पूछताछ में पकड़े गए शख्स ने खुलासा किया है कि ससुराल वालों ने उसके और उसके माता-पिता पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। इससे परिवार को काफी परेशानी हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।

पकड़े गए शख्स का नाम पन्नालाल यादव(35) है। यादव उत्तर प्रदेश के महराजगंज में स्थित जंगल गुलरिहा गांव का रहने वाला है। पिछले साल एक जून को यादव के परिवार वालों ने नजदीकी कोल्हुई पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 302, 201 के तहत एफआईआर दर्ज कराई थी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने यह मामला दर्ज किया था। यादव के पिता ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी, सास, ससुर और साले ने मिलकर मेरे बेटे की हत्या कर दी और उसका शव गायब कर दिया। क्राइम ब्रांच के डीसीपी निसार तांबोली ने बताया कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि मीरारोड और भिवंडी इलाके में एक ऐसा शख्स रह रहा है उत्तर प्रदेश में जिसकी हत्या का मामला दर्ज है।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। पूछताछ में यादव ने बताया कि उसकी पत्नी और ससुराल वालों ने उसके और उसके घरवालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने पिता के साथ मिलकर साजिश रची। यादव ने पहले अपने ससुराल वालों से समझौता किया बाद में अपने परिवार से लड़ाई का बहाना कर ससुराल में ही रहने चला गया।

15 अक्टूबर 2016 को पूर्व नियोजित साजिश के तहत यादव अपने साले के साथ किसी काम के बहाने बाहर निकला। फिर उसे झांसा देकर भाग निकला। यादव ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और ट्रेन पकड़कर भिवंडी आ गया। साजिश का खुलासा न हो इसलिए उसने दोबारा गांव में किसी से संपर्क नहीं किया। इसके बाद यादव के पिता ने स्थानीय अदालत में गुहार लगाई कि ससुराल वालों ने उसके बेटे की हत्या कर उसका शव ठिकाने लगा दिया और पुलिस मामले में कोई सुनवाई नहीं कर रही है।

अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज कर छानबीन के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने मामले में यादव की पत्नी, साले, ससुर और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपी पिछले दो सालों से भिवंडी और मीरारोड इलाके में अलग-अलग काम कर गुजर बसर कर रहा था। आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी उत्तर प्रदेश पुलिस को दे दी गई है। 

 

Similar News