महाराष्ट्र में आकांक्षी शहर योजना लागू करेगी राज्य सरकार, 9 मनपा सहित 57 शहर शामिल

केंद्र के जिला कार्यक्रम की तर्ज पर महाराष्ट्र में आकांक्षी शहर योजना लागू करेगी राज्य सरकार, 9 मनपा सहित 57 शहर शामिल

Bhaskar Hindi
Update: 2023-04-14 09:28 GMT
महाराष्ट्र में आकांक्षी शहर योजना लागू करेगी राज्य सरकार, 9 मनपा सहित 57 शहर शामिल

डिजिटल डेस्क, मुंबई. केंद्र सरकार के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तर्ज पर महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में आकांक्षी शहर योजना लागू करने का फैसला किया है। सरकार ने राज्य के 57 शहरों को आकांक्षी शहर के रूप में चुना है। आकांक्षी शहर की सूची में अकोला, नांदेड़-वाघला, परभणी, लातूर, जलगांव, मालेगांव, उल्हासनगर सहित कुल 9 मनपा भी शुमार हैं। गुरुवार को राज्य सरकार के नियोजन (योजना) विभाग ने इस बारे में शासनादेश जारी किया है। 57 आकांक्षी शहरों में डी वर्ग की 9 महानगर पालिकाओं, बी वर्ग की 12 नगर परिषद, सी वर्ग की 18 नगर परिषद और 18 नगर पंचायतों का समावेश है। 

इन मानकों पर चयन

राज्य के नगर विकास विभाग और नवी मुंबई के नगर परिषद प्रशासन निदेशालय ने आकांक्षी शहरों को चिन्हित किया है। आकांक्षी शहरों का चयन प्रति व्यक्ति आय, जलापूर्ति, पक्के घरों का प्रतिशत, अनुसूचित जाति और जनजाति की जनसंख्या का प्रतिशत, जीएफसी स्टार रैकिंग के आधार पर किया गया है। राज्यों के मुख्य सचिव और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासकों का सम्मेलन पिछले साल 16 जून को हुआ था। इसी बैठक में आकांक्षी शहर कार्यक्रम को लागू करने का सुझाव दिया गया था। इसके अनुसार राज्य के डी वर्ग की महानगरपालिकाओं, बी और सी वर्ग की नगर परिषद और नगर पंचायतों के शहरों का संतुलित, समयबद्ध और सर्वसमावेशीय विकास के लिए आकांक्षी शहर कार्यक्रम लागू करने का फैसला लिया गया है। 

योजना में 30 नगर परिषद शामिल

राज्य में बी वर्ग की 12 नगर परिषदों और सी वर्ग की 18 नगर परिषदों को आकांक्षी शहर की सूची में शामिल किया गया है। इसमें बी वर्ग की देगलूर, आर्वी, सेलू, गंगाखेड़, जिंतूर, माजलगांव, मनमाड, सिल्लोड, वसमतनगर, मूर्तिजापुर, पैठण, नांदूरा नगर सहित अन्य नगर परिषद का समावेश है। सी वर्ग की औसा, किनवट, मानवत, परतूर, मुखेड़, लोहा, पातूर, इगतपुरी, मुदखेड, पाथरी, बिलोली, मुदखेड़ सहित अन्य नगर परिषदों को शामिल किया गया है। इसके अलावा अर्धापुर, सड़क-अर्जुनी, एटापल्ली, सिंदखेड़ा, पालम, माहूर, सिंदखेड़ा सहित अन्य नगर पंचायतों का समावेश किया गया है। 


 

Tags:    

Similar News