महाराष्ट्र के चिकन और मीट-मछली का लुत्फ उठाएंगे देश भर के जवान

महाराष्ट्र के चिकन और मीट-मछली का लुत्फ उठाएंगे देश भर के जवान

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-08 14:56 GMT
महाराष्ट्र के चिकन और मीट-मछली का लुत्फ उठाएंगे देश भर के जवान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अमित कुमार। महाराष्ट्र के चिकन, मीट और मछली का स्वाद अब भारतीय सेना के जवान और अफसर ले सकेंगे। भारतीय सेना की कैंटीनों के लिए महाराष्ट्र से चिकन, मीट और मछलियों की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए प्रदेश सरकार के पशुसंवर्धन, दुग्धविकास व मत्स्यविकास विभाग और रक्षा मंत्रालय के बीच अगले एक महीने के भीतर करार होगा। गुरुवार को प्रदेश के पशुसंवर्धन, दुग्धविकास व मत्स्यविकास मंत्री महादेव जानकर ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में यह जानकारी दी। जानकर ने कहा कि हमने भारतीय सेना के लिए राज्य से मांस और मछली की आपूर्ति के लिए रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे को पत्र लिखा था।


आपूर्ति के लिए रक्षा मंत्रालय के साथ जल्द होगा करार

चिकन, मीट और मछली के साथ ही दूध की आपूर्ति का प्रस्ताव दिया गया था। इसके जवाब में भामरे ने मुझे पत्र भेजा है। उन्होंने हमसे पूछा है कि महाराष्ट्र सेना के लिए  कितनी मात्रा में चिकन, मीट और मछलियों की आपूर्ति कर सकता है। जानकर ने बताया कि राज्य मंत्री भामरे हमारे प्रस्ताव को लेकर सकारात्मक हैं। अब जल्द ही राज्य के पशुसंवर्धन, दुग्धविकास व मत्स्यविकास विभाग और केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के अफसरों के बीच एक बैठक होगी। इस बैठक में हम रक्षा मंत्रालय की जरूरतों को समझेंगे। उसके अनुसार आपूर्ति का प्रबंध किया जाएगा। 


 बजट सत्र के दौरान रक्षामंत्री की मौजूदगी में करार पर होंगे हस्ताक्षर

जानकर ने बताया कि महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान राज्य के पशुसंवर्धन, दुग्धविकास व मत्स्यविकास विभाग और रक्षा मंत्रालय के बीच आपूर्ति को लेकर करार होगा। इस मौके पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और रक्षा राज्य मंत्री भामरे मौजूद रहेंगे। जानकर ने कहा कि रक्षा मंत्रालय के साथ करार होने से प्रदेश के किसानों को बहुत बड़ा बाजार उपलब्ध हो सकेगा। राज्य में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। यदि पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी महाराष्ट्र भेड़ और बकरी विकास महामंडल के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के जरिए पुशपालन के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया तो उन्हें काफी लाभ मिल सकेगा। किसानों को अच्छी आमदनी होगी। 

Similar News