किसानों से बकाया बिजली बिल वसूली की योजना हुई टांय-टांय फिस्स

किसानों से बकाया बिजली बिल वसूली की योजना हुई टांय-टांय फिस्स

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-17 15:16 GMT
किसानों से बकाया बिजली बिल वसूली की योजना हुई टांय-टांय फिस्स

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार की तरफ से किसानों से बकाया बिजली बिल वसूलने के लिए शुरू की गई कृषि संजीवनी योजना को प्रतिसाद नहीं मिल पाया है। प्रदेश में किसानों का 13 हजार 178 करोड़ रुपए बिजली का बिल बकाया है। इससे परेशान प्रदेश के ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने किसानों से बकाया बिजली बिल भरने के लिए भावनात्मक अपील की है। बावनकुले ने किसानों से बकाया बिजली बिल का कम से कम 5 हजार रुपए भरने का आह्वान किया है।

मंगलवार को मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत में बावनकुले ने कहा कि कृषि संजीवनी योजना के तहत केवल 8 प्रतिशत बकाया बिजली बिलों की वसूली हो पाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में 38 लाख 72 हजार 973 किसानों का 13 हजार 178 करोड़ रुपए मूल बिजली बिल बकाया है। जबकि 9 हजार 712 करोड़ रुपए का ब्याज है। कुल मिला करके  22 हजार 891 करोड़ रुपए बकाया है। बावनकुले ने कहा कि किसानों को कम से कम 13 हजार 178 करोड़ रुपए बकाया बिल का भुगतान करना चाहिए। 

दो मिनट में कट सकता है कनेक्शन 
बावनकुले ने कहा कि किसानों से बकाया बिजली बिल वसूलना आसान है। मेरे आदेश देते ही दो मिनट में किसानों का बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद किसान अपने आप बकाया राशि दे देंगे। तीन महीने में पूरा बकाया वसूला जा सकता है लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों का कनेक्शन नहीं काटने का निर्देश दिया है। इसलिए हम किसानों से बिजली बिल भरने की अपील कर रहे हैं। बावनकुले ने कहा कि बिजली बिल का करोड़ों रुपए बकाया होने के बावजूद राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार किसानों से कहते हैं कि बिजली बिल मत भरिए।

बावनकुले ने कहा कि मुझे पवार के बयान पर कुछ नहीं कहना है। लेकिन जन प्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है कि वह बकाया बिजली बिल वसूलने में मदद करें। इस बीच बावनकुले ने दावा किया कि राज्य में कहीं भी बिजली कटौती नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि मंगलवार सभी बिजली कंपनियों ने मिलकर 23 हजार 100 मेगावॉट विद्युत आपूर्ति किया है।  

किसानों का बकाया बिजली बिल    

विभाग             ग्राहकों की संख्या        मूल बकाया 
विदर्भ              779546                  2026.63 करोड़ 
मराठवाड़ा        1059180                4192.61 करोड़
कोंकण            28751                    5.27 करोड़ 
शेष महाराष्ट्र    2005496                6954.08 करोड़
-------------------------------------------------------------
कुल             3872963                 13178.59 करोड़ 
 

Similar News