मराठवाड़ा और विदर्भ अंचल में 46 हजार 528 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव- राज्यपाल 

सरकार की उपलब्धियां मराठवाड़ा और विदर्भ अंचल में 46 हजार 528 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव- राज्यपाल 

Bhaskar Hindi
Update: 2023-01-27 15:11 GMT
मराठवाड़ा और विदर्भ अंचल में 46 हजार 528 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव- राज्यपाल 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश की शिंदे-फडणवीस सरकार की उपलब्धियां गिनायी। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल की उपसमिति ने 87 हजार 774 करोड़ रुपए के निवेश के लिए 24 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इस निवेश से 61 हजार 40 रोजगार के मौके निर्माण होंगे। जबकि सरकार के पास मराठवाड़ा और विदर्भ अंचल में 46 हजार 528 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। इससे दोनों अंचल में 47 हजार 890 रोजगार का सृजन हो सकेगा। गुरुवार को राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस दादर के छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान पर आयोजित मुख्य शासकीय समारोह में ध्वजारोहण किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने बीते दिनों दावोस में 1 लाख 37 हजार करोड़ रुपए के निवेश सामंजस्य करार किया है। सरकार ने साल 2026-27 तक महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य रखा है। राज्य में सरकार के विभिन्न विभागों में 75 हजार रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्यपाल ने कहा कि महाराष्ट्र पौष्टिक मोटा अभियान के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के जलसंसाधन विभाग की 33 हजार 400 करोड़ रुपए की 29 सिंचाई परियोजनाओं को संशोधित प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। कुपोषण रोकने के लिए सरकार ने माइग्रेशन ट्रैकिंग सिस्टिम के लिए नया एप विकसित किया है। राज्य में नवंबर 2022 के आखिर तक एक लाख 98 हजार व्यक्तिगत और 8 हजार 500 सामूहिक वन अधिकार के दावे मंजूर किए गए हैं। राज्य में वन व वन्यजीव संवर्धन के लिए 18 नए वन संवर्धन आरक्षित क्षेत्र घोषित करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। राज्यपाल ने कहा कि नागपुर से शिर्डी महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग शुरू होने से राज्य के 24 जिले एक-दूसरे से जुड़े हैं। 
 

Tags:    

Similar News