आरे के जंगल में मिला पुलिस इंस्पेक्टर के लापता बेटे का शव, छानबीन में जुटी पुलिस

आरे के जंगल में मिला पुलिस इंस्पेक्टर के लापता बेटे का शव, छानबीन में जुटी पुलिस

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-09 13:59 GMT
आरे के जंगल में मिला पुलिस इंस्पेक्टर के लापता बेटे का शव, छानबीन में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। रविवार से लापता पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे का गोरेगांव इलाके में शव मिला है। अथर्व शिंदे नाम का 20 वर्षीय युवक अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए निकला था लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अथर्व के पिता नरेंद्र शिंदे मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में तैनात हैं। डीसीपी विनय राठौड ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस अथर्व के उन दोस्तों के साथ पूछताछ में जुटी हुई थी जिनके साथ वह पार्टी के लिए गया था। अथर्व का का शव बुधवार को दस बजे के करीब आरे कालोनी के जंगल में झाड़ियों के बीच एक तालाब के किनारे मिला। 

पुलिस को मिली युवक का शव पड़े होने की जानकारी 
कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को वहां युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची और शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की तो शव पुलिस अधिकारी के लापता बेटे अथर्व का होने की जानकारी सामने आई। अथर्व के गले और आंख के पास चोट के निशान नजर आ रहे थे। इसके अलावा उसके मुंह से भी खून निकला हुआ था। पुलिस ने शव पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हुआ है कि अथर्व की हत्या की गई है। परिवार के मुताबिक अथर्व आरे कालोनी के रॉयल पाम्स में स्थित बंगला नंबर 212 में पार्टी के लिए गया था। शिंदे परिवार कांदिवली के ठाकुर कांप्लेक्स में रहता है।   
 

Similar News