पति के साथ मिलकर बहन ने की बहन के घर चोरी

पति के साथ मिलकर बहन ने की बहन के घर चोरी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-10 15:20 GMT
पति के साथ मिलकर बहन ने की बहन के घर चोरी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाईंदर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है जिसने अपने पति के साथ मिलकर अपनी बहन के घर में ही सेंध लगा दी। दरअसल महिला को लग रहा था कि उसकी बहन को पैसों का बड़ा घमंड है। इसीलिए सबक सिखाने के लिए उसने बहन की गैरमौजूदगी में उसके घर में रखे करीब 17 लाख रुपए की नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुमन गुप्ता और उमाकांत गुप्ता है।

दरअसल भाईंदर पूर्व के नवघर रोड स्थित साईबाबा नगर में रहने वाली मेनका किसी काम से घर का दरवाजा बंद कर बाहर गईं हुईं थीं। इसी दौरान किसी ने उनके घर का ताला तोड़ा और घर में रखे 17 लाख रुपए के गहने और नकदी चोरी कर लिया। मेनका वापस लौंटी तो घर का ताला टूटा और कीमती सामान गायब पाया। उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। मेनका ने नजदीकी नवघर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो उसे घर से कोई सुराग नहीं मिले। इसके बाद इलाके में और मेनका के घर के आसपास और नवघर रोड की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए।

मेनका को भी वीडियो दिखाई गई तो उसने एक महिला की पहचान कर ली। तस्वीरें साफ नहीं थी फिर भी मेनका को पहचान करने में परेशानी नहीं हुई क्योंकि वह उसकी सगी बहन थी। पुलिस और मेनका दोनों हैरान थे कि उसकी बहन उसे जानकारी दिए बिना उसके घर के पास क्यों आई। इसके बाद पुलिस ने सुमन गुप्ता से पूछताछ शुरू की तो उसने सच्चाई उगल दी। उसने बताया कि अपने पति के साथ मिलकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।  

Similar News