20 सालों से फरार दाऊद का करीबी परवीन गिरफ्तार

20 सालों से फरार दाऊद का करीबी परवीन गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-27 12:52 GMT
20 सालों से फरार दाऊद का करीबी परवीन गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ठाणे एंटी एक्सटार्सन सेल ने दाऊद इब्राहिम के करीबी तारिक परवीन को गिरफ्तार किया है। परवीन मुंब्रा में हुए एक दोहरे हत्याकांड का आरोपी था और पिछले 20 सालों से फरार था। गिरफ्तारी के बाद परवीन को हत्याकांड की जांच कर रही मुंब्रा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। साल 1998 में केबल व्यवसायी मुहम्मद इब्राहिम बांगडीवाला और परवेज अंसारी की मुंब्रा इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

घर के बाहर की थी हत्या
दोनों की हत्या उनके घर के बाहर ही कर दी गई थी। इस मामले में परवीन समेत कुछ छह आरोपी हैं। परवीन डी कंपनी के लिए काम करता है। उसे 2004 में दुबई से प्रत्यार्पित कर भारत लाया गया था। 2008 तक जेल में रहे परवीन को स्वास्थ्य कारणों से मुंबई हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। इसके बाद जनवरी 2015 में यूपी एसटीएफ और दिल्ली स्पेशल सेल ने परवीन को मुंबई से गिरफ्तार किया था।

लखनऊ कोर्ट से जमानत पर छूटा
एक महीने बाद वह लखनऊ कोर्ट से जमानत पर छूट गया था। इसके बाद परवीन मुंबई में मेट्रो सिनेमा के पास ही ऑफिस खोलकर व्यवसाय कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक छोटा शकील का दाहिना हाथ समझे जाने वाला परवीन मुंबई में बैठकर दाऊद गिरोह का काला कारोबार संभाल रहा था। हत्या के मामले में आरोपी परवीन के मुंबई में होने की जानकारी मिलने के बाद सीनियर इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा ने उसे दबोच लिया।

हत्याकांड में भूमिका स्वीकारी
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में परवीन ने हत्याकांड में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। आरोप है कि केबल व्यवसाय को लेकर रंजिश के चलते इब्राहिम की हत्या की गई थी। पकड़े गए परवीन की सारा-सहारा मार्केट बनाने में भी अहम भूमिका थी। उसे अवैध निर्माण के आरोप में भी गिरफ्तार किया गया था। 

Similar News