संविधान बचाओ रैली में एकजुट हुआ विपक्ष 

संविधान बचाओ रैली में एकजुट हुआ विपक्ष 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-27 11:26 GMT
संविधान बचाओ रैली में एकजुट हुआ विपक्ष 

डिजिटल डेस्क,मुंबई।  गणतंत्र दिवस के मौके पर विपक्षी दलों की तरफ से आयोजित ‘संविधान बचाओ रैली’ में सभी विपक्ष दल एक साथ नजर आए। 26 जनवरी को राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के नेतृत्व में  निकाली गई इस रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण, जेड (यू) के बागी नेता शरद यादव, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, त्रिणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी, वरिष्ठ वामपंथी नेता डी राजा, सीताराम येचुरी, सांसद राजू शेट्टी व पाटीदार नेता हार्दिक पटेल जैसे नेताओं ने हिस्सा लिया।  

तिरंगा थामे थे नेता
बाबासाहब डा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास से गेटवे ऑफ इंडिया जाने वाली इस रैली में किसी भी पार्टी का झंडा बैनर नजर नहीं आ रहा था। इसमें शामिल लोग तिरंगा थामे हुए थे। इस रैली को मोदी सरकार और भाजपा के खिलाफ विपक्ष की एकजुटता के रूप में भी देखा जा रहा है। इस मौके पर पवार ने कहा कि देश की जनता आशंकित है। जिस तरह संविधान के खिलाफ काम हो रहा है, उसे देखते हुए विपक्षी दल चुप नहीं बैठ सकते। येचुरी ने कहा कि संविधान पर लगातार हमला हो रहा है। इसको लेकर देश की जनता चिंतित है। शरद यादव ने कहा कि यह सरकार संविधान का सम्मान नहीं कर रही है। धर्म व जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हमारे पास जो भी वह संविधान की वजह से ही है। अगर संविधान सुरक्षित नहीं रहेगा तो फिर हमारे पास कुछ नहीं बचेगा। हमारी एकजुटता सिर्फ देश के संविधान के लिए है। 

अब दिल्ली में जुटेंगे विपक्ष के नेता 
भाजपा के खिलाफ 2019 के लोकसभा चुनाव में सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए 29 जनवरी को दिल्ली में बड़ी बैठक आयोजित की गई है। शुक्रवार को मुंबई में निकाली गई संविधान बचाओ रैली के दौरान राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने यह जानकारी दी।  

Similar News