कर्ज दिलाने के बहाने मैजिक पेन से लगाते थे चूना, चार आरोपी गिरफ्तार

कर्ज दिलाने के बहाने मैजिक पेन से लगाते थे चूना, चार आरोपी गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-19 13:39 GMT
कर्ज दिलाने के बहाने मैजिक पेन से लगाते थे चूना, चार आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कर्ज दिलाने के बहाने मैजिक पेन का इस्तेमाल कर लोगों से ठगी करने वाले चार लोगों को ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्ज दिलाने के बहाने बैंक का कैंसल चेक (रद्द धनादेश) लेते थे, लेकिन बाद में इसका इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगाते थे। आरोपी चेक भुनाने के लिए फर्जी पैन कार्ड का इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रोहित परिहार, प्रसन्ना सावंत, रणजीत सिंह और संजय दुबे है। मामले में सुनील काले नाम के एक व्यापारी ने ठाणे के नौपाडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी।

अपनी शिकायत में काले ने बताया था कि उनकी पत्नी ने कर्ज के लिए कई बैंकों में ऑनलाइन अर्ज किया था। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने फोन कर कर्ज दिलाने का वादा किया, लेकिन प्रक्रिया का हवाला देते हुए कर्ज की मंजूरी के लिए उनसे कुछ दस्तावेज और दो कैंसल चेक ले लिए। काले को कर्ज तो नहीं मिला उल्टे उनके खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए गए। उन्होंने छानबीन की तो पता चला कि रकम उनके द्वारा जारी किया गया चेक दिखाकर निकाली गई है। इसके लिए सरजोत जैन नाम से बने फर्जी पैन कार्ड का इस्तेमाल किया गया था। दरअसल आरोपी बड़ी चालाकी से लोगों झांसा देकर चेक कैंसल करने के लिए मैजिक पेन दे देते थे।

जिसकी स्याही बाद में उड़ जाती है। इसके बाद मनचाही रकम भरकर चेक के जरिए पैसे निकाल लिए जाते थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने 21 सिमकार्ड, 15 लोगों के बेयरर चेक, फर्जी पहचान पत्र, फर्जी पैन कार्ड, चार कर्ज से जुड़े आवेदन बरामद किए हैं। सीनियर इंस्पेक्टर चंद्रकांत जाधव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ ठाणे और मुंबई के करीब एक दर्जन पुलिस स्टेशनों में इसी तरह की ठगी के मामले दर्ज हैं। 

 

Similar News