डीके जैन बने महाराष्ट्र के नए मुख्य सचिव, कहा- कृषि क्षेत्र को देंगे गति

डीके जैन बने महाराष्ट्र के नए मुख्य सचिव, कहा- कृषि क्षेत्र को देंगे गति

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-30 14:29 GMT
डीके जैन बने महाराष्ट्र के नए मुख्य सचिव, कहा- कृषि क्षेत्र को देंगे गति
हाईलाइट
  • जैन फिलहाल वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर थे।
  • मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दिनेश कुमार जैन को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया है।
  • श्री जैन सुमित मल्लिक का स्थान लेंगे। मल्लिक सोमवार को सेवा निवृत्त हो गए।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दिनेश कुमार जैन को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया है। श्री जैन सुमित मल्लिक का स्थान लेंगे। मल्लिक सोमवार को सेवा निवृत्त हो गए। जैन फिलहाल वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर थे। श्री जैन ने सोमवार को मंत्रालय में अपना कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र व प्रशासन को गति देने पर उनका खास जोर होगा। जैन ने कहा कि राज्य पर कर्ज का बोझ समस्या नहीं है। कर्ज बढने के साथ ही राज्य की अर्थ व्यवस्था में भी बढ़ोतरी होती है। इस लिए चिंता की कोई बात नहीं है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि क्षेत्र मुश्किलों में पड़ता रहता है। कृषि उत्पाद दोगुना करने के लिए नियोजनबद्ध कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। इस क्षेत्र को गति देना मेरी प्राथमिकता होगी। मुख्य सचिव ने कहा कि किसान कर्जमाफी से सरकारी खजाने पर जो बोझ बढ़ा है उसके लिए अनावश्यक खर्च में कमी लाकर आर्थिक घाटे को कम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी कर प्रणाली में स्थिरता के बाद राज्य का राजस्व अच्छा हो जाएगा। जैन ने कहा कि राज्य में कुपोषण भी एक गंभीर समस्या है। इसे दूर करने की कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और लोकाभिमुखी बनाने के लिए सूचना-तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। 

नियुक्ति करने वालों से करें सेवा ज्येष्ठता का सवाल 
1993 बैच के आईएएस अधिकारी को चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को दरकिनार कर मुख्य सचिव बनाया गया है। इनमें अतिरिक्त मुख्य सचिव (राहत व पुनर्वसन) मेधा गाडगिल, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) सुधीर श्रीवास्तव, अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) सुनील पोरवाल और एमएमआरडीए आयुक्त यूपीएस मदान शामिल हैं। इस सवाल पर जैन ने कहा कि यह सवाल मेरी नियुक्ति करने वालों से पूछिए। उन्होंने सोच-विचार के बाद ही फैसला लिया होगा। जबकि मुख्यसचिव के पद से सेवा निवृत्त हुए मल्लिक ने कहा कि मुख्य सचिव की नियुक्ति में सेवा ज्येष्ठता मापदंड नहीं होता। सीएस की नियुक्ति का अधिकार सरकार के पास होता है। 

मल्लिक जल्द लेंगे शपथ  
मुख्य सचिव के पद से रिटायर सुमित मल्लिक को राज्य का मुख्य सूचना आयुक्त बनाया जाएगा। वे जल्द ही शपथ ग्रहण करेंगे। पिछले एक वर्ष से यह पद रिक्त है। रत्नाकर गायकवाड के इस पद से सेवा निवृत्त होने के बाद से यह पद रिक्त है। 

ओबामा भी हुए थे प्रभावित  
25 जनवरी 1959 को जन्मे दिनेश कुमार जैन मूलरुप से राजस्थान के जयपुक के रहने वाले हैं। एमटेक, मैकेनिकल इंजिनियरिंग, एमबीए की शिक्षा ग्रहण करने वाले श्री जैन महाराष्ट्र में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य चुके हैं। उनकी पहली पोस्टिंग 1984 में धुले में बतौर सहायक जिलाधिकारी हुई थी। 1985 में वे नाशिक में सहायक जिलाधिकारी और 1987 में बिक्रीकर विभाग उपायुक्त के तौर पर कार्य किया। 1990 में जलगांव जिला परिषद के सीईओ बनाए गए। 1992 में सोलापुर के जिलाधिकारी के रुप में नियुक्ति की गई। जान 1995 में केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली चले गए। वहां वे नियोजन विभाग सचिव, यूएनआईडी के राष्ट्रीय कार्यक्रम के निदेशक के तौर पर कार्य किया।

पांच वर्षों तक विभिन्न आटोमोबाईल कंपनियों में प्रशिक्षण देने का काम भी किया। 2008 से 2011 तक केंद्र सरकार के पंचायत राज मंत्रालय के सचिव के पद पर कार्य किया। जैन ने नरेगा के कामों में सूचना-प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया। उनके कार्य से प्रभावित होकर अमेरिका के तत्कालिन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। 2015 में महाराष्ट्र के सामान्य प्रशासन विभाग के तहत सूचना-प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग में अतिरिक्त मुख्य  सचिव बनाए गए। 29 अप्रैल 2016 से वे वित्त विभाग में बतौर अतिरिक्त मुख्य सचिव कार्यरत थे। 

Similar News