सरकार के 3 साल पूरे होने पर महाराष्ट्र में शुरु होगा NCP का आंदोलन

सरकार के 3 साल पूरे होने पर महाराष्ट्र में शुरु होगा NCP का आंदोलन

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-14 17:50 GMT
सरकार के 3 साल पूरे होने पर महाराष्ट्र में शुरु होगा NCP का आंदोलन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य की सरकार के तीन साल पूरे होने पर राष्ट्रवादी काग्रेस पार्टी सरकार के खिलाफ 25 नवंबर से आंदोलन शुरु करने जा रही है। एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि सरकार किसानों को कर्जमाफी देने में असफल रही है, साथ ही राज्य में  कानून व्यवस्था की स्थिति भी खराब हुई है। नागपुर में हर रोज 6 से 7 हत्याएं हो रही हैं। इसके अलावा वरिष्ठ नेता अजित पवार ने साफ कर दिया है कि अब से एनसीपी नेता अपने सत्कार कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री को नहीं बुलाएंगे।

यवतमाल से नागपुर तक पदयात्रा
सरकार की तरफ से कहा गया था कि 25 नवंबर तक किसानों के खाते में कर्ज की रकम जमा करा दी जाएगी। लेकिन सरकार अपना वादा पूरा करने में असफल रही है। जिसे बड़ा मुद्दा बनाकर पार्टी राज्यभर में आंदोलन शुरु कर रही है। जिसके तहत हर जिले में स्थानीय नेता आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक किसान आत्महत्या प्रभावित जिला यवतमाल है। जहां से 1 दिसंबर को पदयात्रा शुरु की जाएगी। जो 160 किलोमीटर का सफर तय कर 11 दिसंबर को नागपुर पहुंचेगी। इसके बाद शीतकालिन सत्र में सरकार से जवाब मांगा जाएगा। आंदोलन में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, सांसद सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल, अनिल देशमुख जैसे नेता शामिल होंगे। जो किसानों की समस्याओं के साथ सरकार को घेरेंगे। 

सिर्फ 500 किसानों को मिली कर्जमाफी
पूर्व उपमुख्यमंत्री व एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने कहा कि डेढ करोड़ खातेदार किसानों में से अभी तक सिर्फ 500 किसानों को कर्जमाफी का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि अभी किसानों को कर्जमाफी मिली नहीं पर सरकार का विज्ञापन शुरु हो गया। अजित ने सवाल किया कि यह कर्जमाफी की योजना है कि कर्ज वसूली की। सरकार किसानों का अपमान कर रही है। किसान इस अपमान का बदला जरूर लेंगे। सरकार को घेरने का दावा करने वाली एनसीपी समय-समय पर मुख्यमंत्री का सत्कार भी करती रहती है। पार्टी का मानना है कि इससे जनता के बीच गलत संदेश जाता है। 

NCP की नई रणनीति, सीएम को नहीं बुलाएंगे
इस बारे में पवार ने कहा कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव तक एनसीपी नेता सत्कार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नहीं बुलाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के साथ हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। इससे पहले मुख्यमंत्री फडणवीस एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष तटकरे के पुस्तक विमोचन समारोह में आमंत्रित किए जाने के बावजूद अंतिम समय पर कन्नी काट गए थे।

Similar News