22 साल से फरार था आरोपी, आखिरकार चढ़ ही गया मुंबई पुलिस के हत्थे

22 साल से फरार था आरोपी, आखिरकार चढ़ ही गया मुंबई पुलिस के हत्थे

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-08 12:59 GMT
22 साल से फरार था आरोपी, आखिरकार चढ़ ही गया मुंबई पुलिस के हत्थे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जमानत मिलने के बाद 22 सालों से फरार हत्या के आरोपी को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। अनिल गवंडे नाम के आरोपी को गुप्त सूचना के बाद गुजरात के वलसाड से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ मुलुंड और कांजुरमार्ग पुलिस स्टेशनों में हत्या, हत्या की कोशिश, दंगा जैसे कई आरोपों में एफआईआर दर्ज है।

गवंडे 90 के दशक में मुंबई के भांडुप इलाके में सक्रिय छापा गैंग का सदस्य था। मुलुंड पुलिस स्टेशन में गवंडे और उसके सात साथियों के खिलाफ हत्या, दंगा भड़काने जैसे मामलों में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने गवंडे और उसके साथियों को गिरफ्तार किया था।

मामले में आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बाद गवंडे को 1996 में जमानत मिल गई। लेकिन जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया और वापस नहीं लौटा। इसके अधार पर उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट भी जारी किया गया था। पुलिस लगातार गवंडे को तलाश रही थी। इस बीच अपराध शाखा की यूनिट सात को जानकारी मिली कि गवंडे वलसाड जिले के उमरगांव रोड में स्थित टिश्यू पेपर कंपनी में काम करता है।

सीनियर इंस्पेक्टर अनिल माने के मार्गदर्शन में पुलिस ने गवंडे को जाल बिछाकर दबोच लिया। पूछताछ में गवंडे ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। मुंबई लाने के बाद गवंडे को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की छानबीन जारी है। 

Similar News