पर्यटन क्षेत्र में छा जाएगा महाराष्ट्र, मुंबई-औरंगाबाद-नागपुर बन रहा गोल्डन ट्राएंगल

पर्यटन क्षेत्र में छा जाएगा महाराष्ट्र, मुंबई-औरंगाबाद-नागपुर बन रहा गोल्डन ट्राएंगल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-04 12:57 GMT
पर्यटन क्षेत्र में छा जाएगा महाराष्ट्र, मुंबई-औरंगाबाद-नागपुर बन रहा गोल्डन ट्राएंगल
हाईलाइट
  • महाराष्ट्र में देशी-परदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए राज्य का पर्यटन विभाग मुंबई-औरंगाबाद-नागपुर का त्रिकोण बनाएगा।
  • यह गोल्डन ट्राएंगुलर जयपुर-दिल्ली-आगरा की तर्ज पर होगा।
  • यहां विशाल सागर तट के अलावा कई टाईगर सफारी और प्राकृतिक रुप से समृद्ध इलाके हैं।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विजय सिंह ‘कौशिक’। महाराष्ट्र में देशी-परदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए राज्य का पर्यटन विभाग मुंबई-औरंगाबाद-नागपुर का त्रिकोण बनाएगा। यह गोल्डन ट्राएंगुलर जयपुर-दिल्ली-आगरा की तर्ज पर होगा। इसके लिए तीन माह के भीतर विस्तृत प्रारुप तैयार किया जाएगा और सलाहकार फर्म की नियुक्ति के लिए जल्द की ग्लोबल टेंडर निकाले जाएंगे। जानकारों की राय में राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ाई जा सकती है। पर्यटकों को आकर्षित करने के मामले में महाराष्ट्र देश के कई राज्यों से पीछे है। जबकि यहां विशाल सागर तट के अलावा कई टाईगर सफारी और प्राकृतिक रुप से समृद्ध इलाके हैं।

इस लिए अब पर्यटन विभाग मुंबई-औरंगाबाद व नागपुर को मिलाकर कर एक पर्यटन त्रिकोण बनाना चाहता है। राज्य के पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव विजय कुमार गौतम ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि इस पर्यटन त्रिकोण को लोकप्रिय बनाने के लिए इन तीनों जगहों के लिए परिवहन के अच्छे साधनों के अलावा तीनों शहरों के आसपास पर्यटकों के लिए ढांचागत सुविधाओं का विकास करना जरूरी है। इसके लिए तीन महीने के भीतर विस्तृत प्रारुप तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमारी योजना इन तीनों शहरों के आसपास पर्यटकों को विश्वस्तरिय सुविधाएं प्रदान की जाए। जिससे विदेशी पर्यटक भी आकर्षित हो सके। विजय कुमार गौतम प्रधान सचिव पर्यटन विभाग के मुताबिक मुंबई-औरंगाबाद-नागपुर का पर्यटन त्रिकोण बनाने के लिए कंसलटेंट नियुक्ति करने जल्द ही ग्लोबल टेंडर निकाला जाएगा। तीन महीने के भीतर विस्तृत प्रारुप तैयार करने की योजना है। हम चाहते हैं कि इन तीनों शहरों के आसपास पर्यटकों को विश्वस्तरिय सुविधाएं प्रदान की जाए। 

जयपुर-दिल्ली-आगरा की तर्ज पर होगा यह ट्राएंगुलर 
योजना यह कि पर्यटक पहले मुंबई पहुंचे तो मुंबई के साथ कोकण के सागरी किनारों की सैर के बाद औरंगाबाद के लिए रवाना हो सके। वहां अजंता-एलोरा की गुफाओं के साथ अहमदनगर स्थित किले का दीदार कर सकेंगे। धार्मिक अभिरुचि वाले पर्यटकों के लिए पास में स्थित शिर्डी और शनि शिंगणापुर भी जाने का विकल्प होगा। औरंगाबाद से नागपुर पहुंच कर जंगल सफारी का आनंद उठाया जा सकेगा। अमरावती में स्थित मेलघाट भी लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। पर्यटकों को इस टूरिस्ट ट्राएंगुलर से जोड़ने के लिए पर्यटन स्थलों के आसपास मनोरंजन के साधन विकसित करने होंगे।

इसमें स्थानीय लोक संगीत के कार्यक्रमों के आयोजन और स्थानीय खानपान शामिल होगा। इलाके के प्राकृतिक स्थलों को पर्यटकों के बीच लोकप्रिय बनाया जाएगा। पर्यटन विभाग का मानना है कि मुंबई-नागपुर के बीच बनने वाला समृद्धि महामार्ग भी इस त्रिकोण को विकसित करने में काफी मददगार होगा। इससे इन तीनों प्रमुख शहरों के बीच शहर यातायात की अच्छी सुविधा हो जाएगा। जबकि छोटे शहरों के बीच हवाई सम्पर्क बढ़ाने के लिए शुरु की गई केंद्र सरकार की उडान योजना से भी राज्य पर्यटन त्रिकोण बढ़ाने में मदद मिलेगी।    

Similar News