लोकसभा चुनाव लड़ने उत्तर प्रदेश जाएंगे महादेव जानकर -  मिर्जापुर से शुरु की तैयारी 

महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य लोकसभा चुनाव लड़ने उत्तर प्रदेश जाएंगे महादेव जानकर -  मिर्जापुर से शुरु की तैयारी 

Bhaskar Hindi
Update: 2023-03-31 13:44 GMT
लोकसभा चुनाव लड़ने उत्तर प्रदेश जाएंगे महादेव जानकर -  मिर्जापुर से शुरु की तैयारी 

डिजिटल डेस्क, मुंबई, अमित कुमार। राष्ट्रीय समाज पक्ष (रासप) के अध्यक्ष तथा प्रदेश के पूर्व मंत्री महादेव जानकर साल 2024 में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश दो राज्यों से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। जानकर महाराष्ट्र के बारामती, माढ़ा और परभणी में से किसी एक लोकसभा सीट पर लड़ना चाहते हैं। जबकि वे उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर लोकसभा सीट पर जोर आजमाइश करने की तैयारी में जुटे हैं। फिलहाल मिर्जापुर सीट से केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल सांसद हैं। जानकर अभी महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा के सहयोगी हैं। विधान परिषद के सदस्य जानकर का कार्यकाल 24 जुलाई 2024 को खत्म हो जाएगा। "दैनिक भास्कर' से बातचीत में जानकर ने कहा कि मैंने उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर सीट पर तैयारी शुरू कर दी है। मेरा मिर्जापुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ना तय है। जबकि महाराष्ट्र में बारामती, माढ़ा और परभणी में से किसी एक सीट पर चुनाव लड़ूंगा। जानकर ने कहा कि मेरा भाजपा से केवल महाराष्ट्र में गठबंधन है। भाजपा मेरे लिए परभणी सीट छोड़ देगी। मैं भाजपा से रासप के लिए महाराष्ट्र में बारामती, परभणी, सांगली, माढ़ा और उत्तर-पूर्व मुंबई, ये पांच सीट चाहता हूं। यदि भाजपा तैयार नहीं हुई तो मैं राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लडूंगा। 

जानकर ने कहा कि फिलहाल महाविकास आघाड़ी के साथ गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं है। जानकर ने कहा कि महाराष्ट्र कर्नाटक, गुजरात और असम के स्थानीय निकायों में मेरी पार्टी के जनप्रतिनिधि हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश में अभी तक खाता नहीं खुल पाया है। मैंने साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 30 उम्मीदवार उतारे थे। हमारे उम्मीदवारों को कुल 19 हजार 630 वोट मिले थे। जानकर ने कहा कि मैं मुंबई के बजाय दिल्ली की राजनीति करना चाहता हूं। इसलिए मैं कई बार लोकसभा चुनाव लड़ चुका हूं। मुझे लोकसभा चुनाव में अभी तक सफलता नहीं मिली है। पर मैं कभी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है। इसके पहले जानकर ने साल 2014 में बारामती सीट से राकांपा की सुप्रिया सुले के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था। 

बारामती, नांदेड, माढा व सांगली से लड़ चुके हैं लोकचुनाव

जानकर को 4 लाख 51 हजार 843 वोट मिले थे। जबकि राकांपा की सुप्रिया को 5 लाख 21 हजार 562 मत मिले थे। उस चुनाव में जानकर ने सुप्रिया को कड़ी टक्कर दी थी। इसके बाद भाजपा ने जानकर को फडणवीस सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया था। जानकर साल 2019 में भी लोकसभा चुनाव लड़ना चाह रहे थे। लेकिन भाजपा उनके लिए कोई सीट छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुई। इसके चलते जानकर पिछला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ पाए थे। इसके पहले जानकर नांदेड़, माढ़ा और सांगली सीट से भी लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं।  

Tags:    

Similar News