बार-बार नाराज हुए पर अंतिम समय तक कांग्रेसी बने रहे कामत, मुंबई कांग्रेस को तगड़ा झटका 

बार-बार नाराज हुए पर अंतिम समय तक कांग्रेसी बने रहे कामत, मुंबई कांग्रेस को तगड़ा झटका 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-22 15:36 GMT
बार-बार नाराज हुए पर अंतिम समय तक कांग्रेसी बने रहे कामत, मुंबई कांग्रेस को तगड़ा झटका 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस पार्टी की छात्र ईकाई एनएसयूआई से अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत करने वाले दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरुदास कामत अपने कड़े तेवर के लिए जाने जाते थे। ‘एंग्री मैन’ की छवि वाले कामत कई बार पार्टी नेतृत्व से नाराज हुए और पदों से इस्तीफा दे दिया पर कांग्रेस छोड़ किसी अन्य दल में शामिल नहीं हुए। पार्टी के वरिष्ठ नेता दल के प्रति उनकी वफादारी के कायल थे। श्री कामत का अंतिम संस्कार गुरुवार को मुंबई में किया जाएगा।

पांच बार लोकसभा सांसद रहे कामत 1984 में पहली बार मुंबई उत्तर पूर्व सीट से चुनाव जीते थे। इसके बाद 1991, 1998 तथा 2004 में इसी सीट से लोकसभा पहुंचे। 2009 में मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। वरिष्ठ नेता होने के बावजूद केंद्र में राज्यमंत्री बनाए गए कामत ने मंत्रिमंडल विस्तार में कैबिनेट मंत्री न बनाए जाने से नाराज होकर जुलाई 2011 में इस्तीफा दे दिया था। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम की तानाशाही के विरोध में कामत ने वर्ष 2016 में  मुंबई मनपा चुनाव के समय पार्टी महासचिव पद से इस्तीफा देते हुए राजनीति से सन्यास लेने का एलान कर दिया था।

इससे उनके समर्थक सकते में आ गए थे। पर हाल ही में कामत फिर से सक्रिय हुए। वे मुंबई उत्तर-पश्चिम सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। पिछले दिनों ही उन्होंने कई जगहों पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया था। इसके पहले 1987 में कामत ने युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। वर्ष 2003 में मुंबई युवक कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए कामत ने अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर पार्टी नेतृत्व के किसी तरह के निर्देश का इंतजार किए बगैर 2008 में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

हमेशा पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए लड़ने वाले कामत पार्टी के आम कार्यकर्ताओं में काफी लोकप्रिय थे। श्री कामत के असमय निधन से कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। उनके जाने से महाराष्ट्र खासकर मुंबई की राजनीति में बड़ा शून्य पैदा हो गया है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राजेश शर्मा ने कामत के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि हमने अपना एक लोकप्रिय नेता खो दिया। 

Similar News