लगातार बढ़ रहे लड़के-लड़कियों के लापता होने के मामले, RTI से खुलासा

लगातार बढ़ रहे लड़के-लड़कियों के लापता होने के मामले, RTI से खुलासा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-18 12:50 GMT
लगातार बढ़ रहे लड़के-लड़कियों के लापता होने के मामले, RTI से खुलासा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में लापता लड़कियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। RTI के जरिए हासिल की गई जानकारी से पता चलता है कि साल 2013 में कुल 92 नाबालिग लड़कियां लापता हुईं थीं यह आंकड़ा साल 2017 तक बढ़कर 1368 तक पहुंच गया। हालांकि इनमें से बड़ी संख्या में लापता हुई लड़कियों को खोज निकाला गया फिर भी 133 के बारे में पुलिस को कई जानकारी नहीं मिली। 

RTI कार्यकर्ता ने दी जानकारी 
RTI कार्यकर्ता शकील अहमद शेख को मुंबई पुलिस ने जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक साल 2013 से 2017 के बीच कुल 5056 नाबालिग लड़कियों के अगवा होने के मामले दर्ज किए गए। इनमें से 4686 लड़कियां ढूंढ ली गईं लेकिन 370 का अब तक कोई पता नहीं चला। इसी दौरान लापता होने वाले नाबालिग लड़कों की कुल संख्या 3390 थी। जिनमें से 3131 को खोज निकाला गया जबकि 259 नाबालिग लड़कों के बारे में पुलिस जानकारी नहीं हासिल कर सकी।

बता दें कि अदालत के निर्देशों के मुताबिक किसी नाबालिग के लापता होने पर पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन करती है। पिछले कुछ सालों से पुलिस ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग बच्चों को ढूंढने के लिए विशेष अभियान भी चलाती है। इससे उसे बड़ी संख्या में बच्चों को ढूंढने में मदद मिली है। 

कई बालिग भी हैं लापता 
RTI से मिले आंकड़ों के मुताबिक साल 2013 से 2017 तक महानगर में 6510 पुरुषों और 2839 महिलाओं की गुमशुदगी की भी शिकायतें दर्ज की गईं हैं। इनमें से 1196 पुरुषों और 530 महिलाओं को खोज पाने में पुलिस नाकाम रही है। 

Similar News