बीजेपी नेता को 1 करोड़ 70 लाख का चूना लगाने वाला बाबा अब खा रहा जेल की हवा

बीजेपी नेता को 1 करोड़ 70 लाख का चूना लगाने वाला बाबा अब खा रहा जेल की हवा

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-13 17:02 GMT
बीजेपी नेता को 1 करोड़ 70 लाख का चूना लगाने वाला बाबा अब खा रहा जेल की हवा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में धोखाधड़ी का अनोखा मामला सामने आया है, यहां पर एक बाबा ने बीजेपी के नेता को पदोन्नति का झांसा देकर ठग लिया। बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष और वरिष्ठ मजदूर नेता विजय कांबले को एक बाबा ने एक करोड़ 70 लाख रुपए का चूना लगा दिया। मामला दर्ज होने के बाद कामोठे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। आरोपी का नाम उदय सिंह चव्हाण उर्फ महाराज है। पुलिस ने उसे जेजुरी से गिरफ्तार किया। 

बाबा का ये बड़ा दावा

मामला यू है कि कांबले के बेटे जितेंद्र के दोस्त ने उसकी मुलाकात चव्हाण बाबा से कराई थी। इसी दौरान चव्हाण ने दावा किया कि उसकी केंद्र और राज्य सरकार में ऊपर तक पहुंच है, लिहाजा वो महामंडल के अध्यक्ष पद पर कांबले की नियुक्ति करा सकता है। ये सुनकर लालच में फंसे कांबले ने आरटीजीएस के जरिए चव्हाण के खाते में एक करोड़ 70 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। 

जब ठगा सा महसूस हुआ 

दो साल से महामंडल में नियुक्ति का इंतजार कर रहे कांबले जब निराश हो गए। तो उन्होंने छह महीने पहले कामोठे पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद चव्हाण फरार हो गया था। लेकिन पुलिस को उसके जेजुरी में होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद उसे जाल बिछाकर गिरफ्तार किया गया। 

सबसे बड़ा ठग है बाबा

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नई मुंबई समेत राज्य के कई पुलिस स्टेशनों में ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि चव्हाण की गिरफ्तारी के बाद कुछ और शिकायतकर्ता सामने आ सकते हैं। ठगी के शिकार हुए कांबले ने 2014 में राकांपा छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था।

Similar News