महाराष्ट्र के किसानों को सौगात, 3 साल बढ़ी कर्जमाफी की अवधि

महाराष्ट्र के किसानों को सौगात, 3 साल बढ़ी कर्जमाफी की अवधि

Bhaskar Hindi
Update: 2017-07-06 07:09 GMT
महाराष्ट्र के किसानों को सौगात, 3 साल बढ़ी कर्जमाफी की अवधि

डिजिटल डेस्क, मुंबई. सरकार ने किसानों को सौगात देते हुए कर्जमाफी की अवधि 3 साल बढ़ा दी है। सरकार के इस फैसले के बाद अब 1 अप्रैल 2009 से 30 जून 2016 तक के किसान इसके लिए पात्र होंगे। पहले यह सीमा 1 अप्रैल 2012 से 30 जून 2016 थी। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ये घोषणा राज्यभर से आए किसानों से चर्चा के बाद की। इससे पहले विधायक डॉ. अनिल बोंडे, डॉ. आशीष देशमुख, डॉ. संजय कुटे और प्रशांत बंब ने सीएम से मिलकर कर्जमाफी के मापदंड को शिथिल करने की मांग की थी।

उल्लेखनीय है कि 28 जून 2017 के आदेश के मुताबिक छत्रपति शिवाजी महाराज किसान सम्मान योजना के तहत 1 अप्रैल 2012 से 30 जून 2016 तक के बकाएदार किसानों का समावेश किया गया था। लेकिन इससे 1 अप्रैल 2012 से पहले के बकाएदारों को कर्जमाफी का लाभ नहीं मिल रहा था। इसके मद्देनजर अब इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। 

कर्ज वापसी योजना की समय सीमा 31 जुलाई तक बढ़ी

सीएम फडणवीस ने नियमित रूप से कर्ज भरने वाले किसानों को कर्ज वापसी योजना का लाभ लेने के लिए समय सीमा बढ़ाकर 31 जुलाई 2017 कर दी है। इसके लिए 2016-17 में फसल के लिए कर्ज लेने वाले और 30 जून 2017 तक कर्ज वापस नहीं करने वाले किसानों को कर्ज की राशि का 25 प्रतिशत या फिर अधिकतम 25 हजार और न्यूनतम 15 हजार रुपए तक लाभ दिया जाएगा। डेढ़ लाख से ज्यादा कर्ज वाले किसानों को इस योजना के तहत डेढ़ लाख से ज्यादा की राशि को भरने के लिए समय देने का फैसला किया गया है। किसानों को कई चरणों में बकाया राशि चुकाने की अनुमति होगी।

 

Similar News