बार बालाओं के वीडियो बना मैनेजरों से करते थे हफ्ता वसूली, दो के खिलाफ मामला दर्ज

बार बालाओं के वीडियो बना मैनेजरों से करते थे हफ्ता वसूली, दो के खिलाफ मामला दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-01 17:50 GMT
बार बालाओं के वीडियो बना मैनेजरों से करते थे हफ्ता वसूली, दो के खिलाफ मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर बार वालों से हर महीने लाखों रुपए का हफ्ता वसूलने वाले दो आरोपियों के खिलाफ कांदीवली पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोपियों के नाम मनोज शिंदे और राजकिरण है। एक बार मैनेजर की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की। आरोपी 28 फरवरी को ओम पैलेस बार पहुंचे थे और मैनेजर को बाहर बुलाकर धमकी दी कि अगर दो लाख रुपए नहीं दिए तो पुलिस से शिकायत कर बार पर छापेमारी करा दी जाएगी। दरअसल दोनों आरोपी दूसरे भी कई बारों से हर महीने 10-10 हजार रुपए वसूलते हैं। पैसे न देने पर पुलिस कार्रवाई की धमकी देते हैं।

होटल मैनेजर ने किया पैसे देने से इनकार
होटल मैनेजर ने यह कहते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया कि उसके बार में कोई गैरकानूनी काम नहीं होता इसलिए पैसे नहीं देगा। इसके बावजूद आरोपी हफ्ते के लिए दबाव बनाने लगे तो बार मैनेजर ने कांदिवली पुलिस से आरोपियों की लिखित शिकायत की। शुरूआत में पुलिस ने मामला दर्ज करने में आनाकानी की लेकिन मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके के डीसीपी विक्रम देशमाने ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। दरअसल आरोपी बार में ग्राहक बनकर जाते थे और चोरी से बार बालाओं के वीडियो क्लिप बना लेते थे।

क्लिप के सहारे बार मैनेजरों को धमका कर करते थे वसूली
क्लिप के सहारे बार मैनेजरों को धमका कर वसूली की जाती थी। जो बार मालिक पैसे नहीं देते थे उनके बारे में गैर सरकारी संगठनों और पुलिस से शिकायत कर छापेमारी की कार्रवाई के लिए कहा जाता था। आरोपियों के मोबाइल से पुलिस को कई वीडियो क्लिप मिले हैं जिसने सहारे बार वालों को ब्लैकमेल किया जाता था। मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

Similar News