चिकित्सा राज्य मंत्री ने कहा- जर्मनी से जल्द मंगाया जाएगा सिटीस्कैन का कल-पुर्जा

चिकित्सा राज्य मंत्री ने कहा- जर्मनी से जल्द मंगाया जाएगा सिटीस्कैन का कल-पुर्जा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-13 13:06 GMT
चिकित्सा राज्य मंत्री ने कहा- जर्मनी से जल्द मंगाया जाएगा सिटीस्कैन का कल-पुर्जा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। औरंगाबाद के सरकारी महाविद्यालय एवं अस्पताल (घाटी) में खराब हुई सिटी स्कैन मशीन का मरम्मत काम एक महीने पर कर लिया जाएगा। विधान परिषद में प्रदेश के चिकित्सा राज्य मंत्री रवींद्र चव्हाण ने यह आश्वासन दिया। चव्हाण ने कहा कि मशीन का एक पार्ट खराब हुआ है। इस कल-पुर्जे को जर्मनी से एक माह में मांग लिया जाएगा। इस पर 40 लाख रुपए खर्च होंगे। प्रश्नकाल में राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य सतीश चव्हाण ने इस संबंध में सवाल पूछा था। इस पर मंत्री चव्हाण ने कहा कि सरकारी महाविद्यालय में 74 पद और अस्पताल में 411 पद रिक्त हैं। इसमें 117 पद नर्स के हैं। इसके अलावा वर्ग - 4 के 280 पद भी रिक्त हैं।  रिक्त पदों के भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसको जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

खर्च नही हो सकी टांडा बस्ती सुधार निधि

वसंतराव नाईक तांडा बस्ती सुधार योजना के लिए आवंटित 20 करोड़ की निधि से 11 करोड़ 40 हजार रुपए खर्च नहीं हो पाई है। विमुक्त जाति, घुमन्तु जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व विशेष पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री राम शिंदे ने यह जानकारी दी। शिंदे ने कहा कि योजना की बची हुई निधि को मार्च महीने के आखिर तक खर्च कर लिया जाएगा। शिंदे ने कहा कि योजना की समिति में गैर सरकारी अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति करने के फैसले को रद्द कर दिया गया है। इस समिति में नियुक्ति समय पर नहीं हो पाती है। इस कारण आवंटित निधि को खर्च करने में विलंब होता है। इसके मद्देनजर सरकार ने समिति के गैर सरकारी अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति रद्द करने के बारे में नीतिगत फैसला लिया है। सरकार ने जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति बनाने का निर्णय लिया है। गांवों से दो किमी अंतर पर स्थित बस्तियों को तांडा कहा जाता है। प्रश्नकाल में कांग्रेस सदस्य हरिसिंग राठोड ने इस संबंध में सवाल पूछा था। 

बच्चों को हिन्दू-मुस्लिम में बांटना गलत

विधान परिषद में प्रदेश की महिला व बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे ने मुस्लिम समाज के बच्चों के लिए उर्दू आंगनवाड़ी खोलने की मांग पर कहा कि छह साल तक के बच्चों को हिन्दू और मुस्लिम में बांटना गलत है। पंकजा ने कहा कि आंगनवाड़ियों में यदि किसी विशेष समाज के बच्चों की संख्या 50 प्रतिशत से ज्यादा होती है तो वहां पर उस विशेष समाज की भाषा को जानने वाले आंगनवाड़ी सेविका की नियुक्ति की जाती है। प्रश्नकाल में राष्ट्रवादी कांग्रेस अमरसिंह पंडित ने ऊर्दू आंगनवाड़ी खोलने की मांग की थी। इस पर पर पंकजा ने कहा कि राज्य में 625 आंगनवाड़ियों में ऐसी आंगनवाड़ी सेविकाओं की नियुक्ति की गई है जो वहां के 50 प्रतिशत से अधिक बच्चों द्वारा बोली जाने वाली भाषा को जानती हैं। 

परिजन के लिए भोजन की व्यवस्था पर करें विचार 

प्रदेश के सरकारी महाविद्यालय व अस्पतालों में आने वाले मरीजों के परिजनों को विभिन्न एनजीओ के माध्यम से भोजन की व्यवस्था करने के बारे में प्रदेश सरकार विचार करे। विधान परिषद में सभापति रामराजे निंबालकर ने सरकार को यह निर्देश दिया है। सदन में प्रश्नकाल में राष्ट्रवादी कांग्रेस के सदस्य नरेंद्र पाटील ने महाविद्यालय व अस्पताल में विभिन्न सेवाओं और भोजन की दर बढ़ाने जाने को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री रवींद्र चव्हाण ने कहा कि सरकार ने कई सालों बाद  चिकित्सा दरों को बढ़ाने का फैसला लिया है। इससे भोजन के लिए 10 रुपए के बजाय 20 रुपए वसूले जा रहे हैं। इस पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के सदस्य किरण पावसकर ने एनजीओ के माध्यम से भोजन की व्यवस्था करने के बारे में सुझाव दिया था। 
 

Similar News