कांग्रेस को रास नहीं आया मुख्यमंत्री का म्यूजिक एल्बम, पूछे 10 सवाल

कांग्रेस को रास नहीं आया मुख्यमंत्री का म्यूजिक एल्बम, पूछे 10 सवाल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-27 15:08 GMT
कांग्रेस को रास नहीं आया मुख्यमंत्री का म्यूजिक एल्बम, पूछे 10 सवाल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश कांग्रेस ने मुंबई की नदियों को बचाने की अपील वाले वीडियो में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार सहित प्रशासनिक अधिकारियों के नाचते और गाते नजर आने पर आश्चर्य व्यक्त किया है। पार्टी के प्रवक्ता सचिन सावंत ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने निजी म्यूजिक कंपनी टी-सीरिज के इस वीडियो के बारे में मुख्यमंत्री से 10 सवाल भी पूछा हैं। 

रास नहीं आ रहा मुख्यमंत्री का म्यूजिक वीडियो

मंगलवार को सावंत ने कहा कि टी सीरीज ने इससे पहले भी वीडियो तैयार किया है। लेकिन राज्य के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री फडणवीस, वित्त मंत्री मुनगंटीवार, मुंबई मनपा आयुक्त अजोय मेहता और मुंबई पुलिस आयुक्त दत्ता पडसलगीकर सहित अन्य अधिकारी व पुलिस नाचते और गाते दिखे।

कांग्रेस के दस सवाल

सावंत ने कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि टी-सीरीज कंपनी से सरकार का संबंध क्या है?

कंपनी से मुख्यमंत्री का पारिवारिक नाता तो नहीं? 

वीडियो में राज्य सरकार अथवा सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय (डीजीआईपीआर) का उल्लेख क्यों नहीं? 

सरकार ने इस कंपनी से कोई करार किया है क्या? 

इस वीडियों में काम करने के लिए मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और अधिकारियों ने वीडियो के लिए मानधन लिया है क्या? 

कलाकारों को मानधन किसने दिया?

वीडियो बनाने का खर्च किसने उठाया?

मुख्यमंत्री के सरकारी आवास वर्षा पर शूटिंग करने की अनुमति किसने दी? 

किसान आत्महत्या रोकने के लिए सरकार क्या इसी तरह का वीडियो बनाएगी?

राज्य की समस्याओं को कम करने के लिए बनेगी एल्बम?

कांग्रेस ने कई सवालों पर सरकार को घेरा

सावंत ने कहा कि राज्य में 13 हजार से अधिक किसानों ने आत्महत्या की। मंत्रालय में किसान आकर आत्महत्या कर रहे हैं। राज्य में कई समस्याएं हैं। इसको रोकने के लिए सरकार क्या इसी तरह का वीडियो बनाएगी। गौरतलब है कि इस वीडियो में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी अमृता फडणवीस भी गीत गाते दिखाई दे रही हैं। 

 

Similar News