दुर्घटना ग्रस्त होने से बचा हेलिकॉप्टर,  मुख्यमंत्री के साथ गडकरी भी थे मौजूद 

दुर्घटना ग्रस्त होने से बचा हेलिकॉप्टर,  मुख्यमंत्री के साथ गडकरी भी थे मौजूद 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-11 15:45 GMT
दुर्घटना ग्रस्त होने से बचा हेलिकॉप्टर,  मुख्यमंत्री के साथ गडकरी भी थे मौजूद 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का हेलिकॉप्टर एक बार फिर दुर्घटनाग्रस्त होते हुए बाल-बाल बच गया। हेलिकॉप्टर में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे। गुरुवार को मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्री गडकरी के साथ ठाणे जिले के भाईंदर में विभिन्न परियोजनाओं के भूमिपूजन के लिए जा रहे थे।

हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिग कराई
मुंबई से करीब 47 किलोमीटर दूर भायंदर में हेलिकॉप्टर की लैंडिग के समय एक केबल वायर बीच में दिखा। पायलट ने सावधानी बरते हुए हेलिकॉप्टर को लैंड कराने की बजाय ऊपर आसमान की ओर ले गया। बाद में दूसरी तरफ से स्कूल के मैदान पर हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिग कराई गई। भूमिपूजन के कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री और गडकरी दोनों सड़क मार्ग से मुंबई की ओर लौटे। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय ने किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को गलत बताया है।

पहले भी हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार होने से बचा
इससे पहले भी कई बार मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार होने से बचा है। पिछले साल 9 दिसंबर को नाशिक में क्षमता से अधिक वजन होने के कारण सीएम के हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिग करानी पड़ी थी। इसके पहले 7 जुलाई 2017 को अलीबाग में मुख्यमंत्री के बैठने से पहले ही हेलिकॉप्टर ने उड़ान भर ली थी। 25 मई 2017 को लातूर के निलंगा में मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर क्षतिग्रस्त हो गया था। उससे पहले गडचिरोली में मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से नागपुर लौटे थे। 

Similar News