फडणवीस ने कहा - संवैधानिक मूल्यों की रक्षा कर महाराष्ट्र और देश को आगे बढ़ाएंगे

लक्ष्य फडणवीस ने कहा - संवैधानिक मूल्यों की रक्षा कर महाराष्ट्र और देश को आगे बढ़ाएंगे

Bhaskar Hindi
Update: 2023-01-28 11:23 GMT
फडणवीस ने कहा - संवैधानिक मूल्यों की रक्षा कर महाराष्ट्र और देश को आगे बढ़ाएंगे

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उपमुख्यमंत्री और जिले के पालक मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत को दिशा देने वाले संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करके महाराष्ट्र और देश को आगे बढ़ाएंगे। कस्तूरचंद पार्क में आयोजित गणतंत्र दिवस की 73वीं वर्षगांठ के मुख्य कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बोल रहे थे। फडणवीस ने ध्वजारोहण किया। विभागीय आयुक्त डॉ. विजयलक्ष्मी बिदरी, पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, जिलाधीश डॉ. विपिन इटनकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी व जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।

हर भारतीय को गर्व है

फडणवीस ने कहा कि डॉ. बाबासाहब अंाबेडकर द्वारा भारत को दिया गया संविधान सर्वोच्च स्थान पर है और देश संविधान द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आइए हम संविधान के उन मूल्यों को अपनाकर महाराष्ट्र और देश का विकास करें, जिन पर हर भारतीय को गर्व है। आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के साथ ही महाराष्ट्र में अमृतकाल भी मनाया जा रहा है। देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 15 फीसदी और देश के कुल निर्यात में 22 फीसदी है। उन्होंने यह विश्वास भी जताया कि राज्य का हर घटक इस विकास यात्रा में भाग लेकर महाराष्ट्र को आगे ले जाएगा।

नागपुर परिवर्तन की भूमि है

फडणवीस ने कहा कि नागपुर परिवर्तन की भूमि है। इस उज्ज्वल विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सभी से पहल करने की अपील की। आगामी मार्च माह में नागपुर शहर में जी-20 सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इम मौके पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से नागपुर के सुं्दर और समृद्ध रूप को देखने का आह्वान किया। शहर में आधारभूत सुविधाओं का जाल बिछाया गया है। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय का यह शताब्दी वर्ष है। राष्ट्रीय विज्ञान कांग्रेस और राष्ट्रीय औषधि परिषद ने शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।

योगासन पेश किया

फडणवीस ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर ध्वजारोहण कर भारतीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने नागपुर पुलिस, होमगार्ड, छात्रसेना, स्काउट गाइड आदि 17 टीमों का खुली जिप्सी से अवलोकन किया। परेड कमांडर सहायक पुलिस आयुक्त गणेश बिरादर के नेतृत्व में इन सभी टीमों ने मुख्य मंच के सामने पथ संचलन किया। श्री फडणवीस ने इन सभी टीमों की मानवंदना स्वीकार की। जिला क्रीड़ा परिषद के चित्ररथ ने भी भाग लिया। इस चित्ररथ पर विद्यार्थियों ने मल्लखंभ के साथ योगासन प्रस्तुत किया।

Tags:    

Similar News