अमृता फडणवीस ब्लैकमेल मामले में फैशन डिजाइनर का बुकी पिता अनिल जयसिंघानी गुजरात से गिरफ्तार

कार्रवाई अमृता फडणवीस ब्लैकमेल मामले में फैशन डिजाइनर का बुकी पिता अनिल जयसिंघानी गुजरात से गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2023-03-20 14:56 GMT
अमृता फडणवीस ब्लैकमेल मामले में फैशन डिजाइनर का बुकी पिता अनिल जयसिंघानी गुजरात से गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को ब्लैकमेल करने के मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को ब्लैकमेल करने वाली अनिक्षा जयसिंघानी के पिता अनिल जयसिंघानी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। पुलिस पिछले कई दिनों से अनिल जयसिंघानी के ठिकानों पर दबिश दे रही थी, जिसके बाद रविवार देर रात जयसिंघानी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया गया। जयसिंघानी की फैशन डिजाइनर बेटी अनिक्षा ने अमृता फडणवीस को एक करोड़ रुपए की रिश्वत देने की पेशकश की थी, जिसके बाद उसे पहले ही मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।  

जयसिंघानी पर मुंबई के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में कई मामले पहले से ही दर्ज हैं और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। मुंबई पुलिस की साइबर सेल को मुखबिरों से पता लगा था कि जयसिंघानी गुजरात में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी करते हुए रविवार रात जयसिंघानी को गिरफ्तार कर लिया। 

जयसिंघानी बहुत बड़ा बुकी माना जाता है। जयसिंघानी उस समय चर्चा में आया जब उसकी बेटी अनिक्षा जयसिंघानी ने उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस से नजदीकी बढ़ाकर उन्हें अपने पिता को किसी मामले से बाहर निकलवाने के लिए एक करोड़ रुपए देने की पेशकश की थी। इसके बाद अनिक्षा जयसिंघानी के खिलाफ अमृता फडणवीस ने मामला दर्ज कराया था जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था। अनिक्षा जयसिंघानी की निशानदेही पर पुलिस ने अब उसके पिता को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस अनिल जयसिंघानी से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिरकार अनिक्षा की अमृता फडणवीस के साथ मिलने के पीछे की वजह क्या थी।
  
 

Tags:    

Similar News