राहुल के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले पूनावाला से महाराष्ट्र कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला

राहुल के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले पूनावाला से महाराष्ट्र कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-30 14:06 GMT
राहुल के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले पूनावाला से महाराष्ट्र कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले शहजाद पूनावाला से प्रदेश कांग्रेस ने पल्ला झाड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि पूनावाला तो पार्टी के प्रदेश प्रतिनिधि भी नहीं हैं। चव्हाण ने कहा कि शहजाद पूनावाला का बयान केवल सस्ती लोकप्रियता पाने का हथकंडा है। उन्होंने खुद को चमकाने की कोशिश के अलावा पार्टी के लिए कभी कुछ नहीं किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया शुरु है। 

पीसीसी सदस्य भी नहीं हैं पूनावाला, इस तरह महाराष्ट्र कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला
अशोक चव्हाण ने कहा कि सभी सदस्यों की इच्छा है कि राहुल गांधी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़े। प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए सर्वसहमित से प्रस्ताव पारित किया था। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने संगठन चुनाव का कार्यक्रम जारी किया है। ऐसे में पूनावाला प्रचार पाने के लिए मीडिया में बयानबाजी कर रहे हैं। जब्कि पूनावाला तो पार्टी के प्रदेश प्रतिनिधि तक नहीं हैं। ऐसे में उनका ये बयान काफी अजीब लग रहा है। 

ये है मामला, भाई भी विरोध में उतरा
आपको बता दें कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के खिलाफ पूनावाला ने आवाज बुलंद की थी। जिसके बाद राहुल के खिलाफ आवाज उठाने वाले कांग्रेस नेता शहजाद पूनावाला के बयान को लेकर घमासान छिड़ा है। चव्हाण ने इसे महज सस्ती लोकप्रियता पाने का जरिया बताया। वहीं मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पूनावाला के बयान के बाद उनके भाई तहसीन पूनावाला ने शहजाद की कड़े शब्दों में आलोचना की है। उन्होंने शहजाद से रिश्ता तोड़ने तक का ऐलान कर दिया।

पूनावाला के बड़े आरोप
शहजाद पूनावाला ने कहा था, "यह सिलेक्शन है, इलेक्शन नहीं।" उन्होंने यह भी कहा कि इस चुनाव में धांधली हो रही है। अगर सही ढंग से चुनाव हो, तो वे भी इसमें भागीदारी कर सकते हैं। शहजाद के भाई तहसीन पूनावाला रॉबर्ट वाड्रा के जीजा हैं। पूनावाला ने कहा है कि प्रेसिडेंट की पोस्ट के लिए होने वाले चुनाव में राहुल को फायदा पहुंचाने के लिए हेराफेरी की जा रही है। इसमें जो मेंबर वोट डालेंगे, उनके नाम फिक्स हैं। 

Similar News