होटल में घुसकर दिनदहाड़े रिसेप्शनिस्ट को मारी गोली, पुजारी गिरोह ने मांगा था हफ्ता

होटल में घुसकर दिनदहाड़े रिसेप्शनिस्ट को मारी गोली, पुजारी गिरोह ने मांगा था हफ्ता

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-10 16:19 GMT
होटल में घुसकर दिनदहाड़े रिसेप्शनिस्ट को मारी गोली, पुजारी गिरोह ने मांगा था हफ्ता

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भिवंडी के कोनगांव इलाके में स्थित एक होटल में बैठी 25 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट को गोली मारकर दो अज्ञात लोग फरार हो गए। स्वरा शिरसाट नाम की जिस लड़की को गोली लगी है फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस को शक है कि वारदात में सुरेश पुजारी गिरोह का हाथ हो सकता है। वारदात बुधवार की शाम चार बजे के करीब हुई, जब मोटरसाइकल पर सवार दो लोग होटल में पहुंचे। एक शख्स पिस्तौल लिए शिरसाट के पास पहुंचा और उस पर गोली चला दी। हमला करने वाले आरोपी ने अपने मुंह पर पकड़ा बांध रखा था। गोली शिरसाट के पैर में लगी। इसके बाद आरोपी भाग निकले। सूत्रों के मुताबिक भागने से पहले आरोपियों ने एक पर्ची भी छोड़ी है जिसमें माफिया सरगना सुरेश पुजारी के नाम पर हफ्ते के लिए धमकाया गया है। डीसीपी मनोज पाटील ने बताया कि होटल के मालिक को पहले से फोन पर हफ्ते के लिए धमकी दी जा रही थी। हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

दो लाख के नकली नोट बरामद

वहीं ठाणे पुलिस ने करीब दो लाख रुपए के नकली नोटों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से दो हजार रुपए के 93 और पांच सौ रुपए के 27 नकली नोट जब्त किए हैं। आरोपी नोटों की खेप पश्चिम बंगाल से लाया था। पकड़े गए आरोपी का नाम मुहम्मद बाबर सिराजुल अली (26) है। ठाणे रेलवे स्टेशन के पास के पकड़ा गया अली मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में स्थित सीलामपुर तालुका के गोरियानगर, त्रिमोहिनी का रहने वाला है। आरोपी ने फिलहाल मुंबई के वडाला इलाके में ठिकाना बना रखा था। वह ठाणे में लोगों को नकली नोट सप्लाई करता था। ठाणे पुलिस की प्रवक्ता सुखदा नारकर के मुताबिक नकली नोट की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को जाल बिछाकर दबोचा। उसने ठाणे में कई लोगों को नकली नोट दिए थे। आरोपी नकली नोट सप्लाई करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है। गिरोह का सरगना पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Similar News