अपने दम पर सत्ता क्यों हासिल नहीं कर पाई शिवसेना, जोशी तलाश रहे जवाब  

अपने दम पर सत्ता क्यों हासिल नहीं कर पाई शिवसेना, जोशी तलाश रहे जवाब  

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-19 14:13 GMT
अपने दम पर सत्ता क्यों हासिल नहीं कर पाई शिवसेना, जोशी तलाश रहे जवाब  

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी को इस बात का मलाल है कि महाराष्ट्र में शिवसेना के स्थापना के पांच दशक बीतने के बावजूद पार्टी अपने दम पर अब तक सत्ता हासिल नहीं कर सकी। मंगलवार को पार्टी के स्थापन दिवस पर आयोजित शिविर में शिवसेना के नेताओं और पदाधिकारियों को मानसिकता बदलने की नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने दम पर सत्ता हासिल करने का एलान किया है। शिवसेना के कुछ नेता अभी से कह रहे हैं कि यह कैसे संभव होगा। हमें यह सोच बदलने की जरूरत है। जोशी ने कहा कि मुंबई में शिवसेना के बिना जीना कठिन है।

लेकिन पार्टी राज्य के सभी अंचल तक नहीं पहुंच पाई है। यदि हम राज्य के सभी इलाके में पहुंचे तो निश्चित रूप से सत्ता मिलेगी। जोशी ने कहा कि देश के कई राज्यों में क्षेत्रीय दलों ने पार्टी के स्थापन के बाद बहुत कम अवधि में सत्ता हासिल की है। लेकिन शिवसेना अभी तक अपने दम पर सत्ता में नहीं आ सकी है। इसका कारण मैं खोज रहा हूं। हम सभी को इस बात का अध्ययन करने की जरूरत है कि देश के दूसरे राज्यों के क्षेत्रीय दलों ने सत्ता कैसे हासिल किया।

जोशी से असहमत सांवत
जोशी की यह सलाह शिवसेना सांसद अरविंद सावंत को रास नहीं आई। सावंत ने कहा कि शिवसेना महाराष्ट्र के गांव- गांव में नहीं बल्कि पूरे विश्व में पहुंच गई है। इसलिए यदि कोई यह सोच रहा है कि शिवसेना राज्य भर में नहीं पहुंची है तो यह उनका भ्रम है। उन्होंने कहा कि शिवसेना पार्टी के रूप में सभी जगह पहुंची है।

महाराष्ट्र के बाहर शिवसेना का विस्तार चाहते हैं आदित्य 
शिवसेन नेता आदित्य ठाकरे पार्टी का विस्तार अब महाराष्ट्र के बाहर भी करना चाहते हैं। नेता पद मिलने के बाद पहली बार पार्टी के मंच से उन्होंने कहा कि हमें शिवसेना को देश भर में पहुंचाना है। मंगलवार को पार्टी के स्थापना दिवस पर आदित्य ने कहा कि शिवसेना महाराष्ट्र के बाहर दूसरे राज्यों में चुनाव लड़ रही है। पार्टी आगामी समय में राजस्थान विधान सभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने आगामी चुनाव अकेले दम पर लड़ने का फैसला किया है। देश में लोकसभा और प्रदेश में विधान सभा चुनाव कभी भी हो सकते हैं। हमें इसके लिए तैयार रहना चाहिए।

आदित्य ने कहा कि अभी तक शिवसेना अपनी ताकत नहीं दिखा पाई थी, लेकिन पालघर लोकसभा उपचुनाव में पार्टी ने यह दिखा दिया कि हममें कितनी क्षमता है। उपचुनाव में भाजपा धन के बल पर जीत हासिल की है। तन और मन से हम जीते हैं। आदित्य ठाकरे ने भाजपा का नाम लिए बैगर कहा कि शिवसेना ने अभी तक जो हासिल किया है। वह अपने दम हासिल किया है। इसमें किसी दूसरे का योगदान नहीं है। आदित्य ने कहा कि विधान परिषद की नगर निकाय क्षेत्र की सीटों पर हुए चुनाव में शिवसेना ने दो सीटें हासिल की है। हम लोग विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक सीट के चुनाव भी जीतेंगे।
 
 

Similar News