मंत्री लोढ़ा के अवैध निर्माण पर डोंबिवली महानगरपालिका की कार्रवाई 

बगैर अनुमति निर्माण मंत्री लोढ़ा के अवैध निर्माण पर डोंबिवली महानगरपालिका की कार्रवाई 

Bhaskar Hindi
Update: 2023-04-06 16:29 GMT
मंत्री लोढ़ा के अवैध निर्माण पर डोंबिवली महानगरपालिका की कार्रवाई 

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राज्य के महिला बाल विकास और पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की निर्माण कंपनी पर कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका के क्षेत्र में बगैर अनुमति निर्माण कार्य करने का आरोप लगा है। इसकी जानकारी सहकारिता मंत्री अतुल सावे ने दी है। हालांकि यह जानकारी सामने आने के बाद मंगल प्रभात लोढ़ा का कहना है उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। 

ठाणे जिले के डोंबिवली पूर्व में कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका के अधिकारियों को चंद्रेश वास्तु एफ गृहनिर्माण सोसायटी में अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। मनपा अधिकारियों ने जांच में पाया कि लोढ़ा हेरिटेज सोसायटी में बिना इजाजत निर्माण कार्य चल रहा है। अधिकारियों ने इसकी शिकायत सरकार तक पहुंचाई। सहकारिता मंत्री अतुल सावे ने अवैध निर्माण की शिकायत मिलने की पुष्टि की है। 

क्या अधिकारियों की मिलीभगत से होता है अवैध निर्माण कार्य?

कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका की हद में कई गृहनिर्माण सोसाटियों में अवैध निर्माण की शिकायतें मिली हैं। इस पर अतुल सावे ने कहा कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है। सावे ने कहा कि 15 दिन पहले महानगरपालिका के अधिकारियों ने चंद्रेश वास्तु एफ गृहनिर्माण सोसायटी की जांच की थी जिसमें अवैध निर्माण का पता चला था। अब महानगरपालिका ने इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू की है। 

मुझसे सिर्फ सरकारी कामकाज के बारे में पूछें - लोढ़ा 

इस मामले में जब मंगल प्रभात लोढ़ा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लोढ़ा निर्माण कंपनी की जिम्मेदारी उनके बेटे के पास है। मैं सिर्फ शासकीय कामकाज के बारे में बता सकता हूं। डोंबिवली की सोसायटी के अवैध निर्माण के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। 

Tags:    

Similar News