पुलिस सुरक्षा लेने वालों पर 5 करोड़ बकाया, नाम जाहिर नहीं करेगी मुंबई पुलिस 

पुलिस सुरक्षा लेने वालों पर 5 करोड़ बकाया, नाम जाहिर नहीं करेगी मुंबई पुलिस 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-30 13:20 GMT
पुलिस सुरक्षा लेने वालों पर 5 करोड़ बकाया, नाम जाहिर नहीं करेगी मुंबई पुलिस 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस सुरक्षा हासिल करने वालों का मुंबई पुलिस पर पांच करोड़ से ज्यादा का बकाया है। लेकिन पुलिस ने बकाएदारों का नाम जाहिर करने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि इससे उनकी जान को खतरा हो सकता है। इसके अलावा पुलिस का दावा है कि उसके पास साल 2000 से 2006 तक किन लोगों को सुरक्षा दी गई और उसके एवज में कितनी रकम मिली इसकी भी जानकारी नहीं है।

सूचना के अधिकार कानून के तहत मुंबई पुलिस से उन लोगों की जानकारी मांगी गई थी जिन्हें साल 2000 से लेकर मार्च 2018 तक पुलिस सुरक्षा दी गई। साथ ही पूछा गया था कि सुरक्षा हासिल करने वालों पर कुल कितना रुपया बकाया है। जवाब में सुरक्षा शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक साल 2000 से जिन लोगों को सुरक्षा दी गई है उनमें से 38 लोगों पर 5 करोड़ 11 लाख चार हजार 155 रुपए बकाया है। लेकिन बकाएदारों के नाम का खुलासा करने से यह कहते हुए इनकार कर दिया गया है कि इससे उनकी जान को खतरा हो सकता है। 

पांच साल में मिले 29 करोड़ 91 लाख रुपए 
आरटीआई के जरिए जानकारी मांगने वाले नागमणि पांडेय का दावा है कि बकाएदारों के नामों का खुलासा इसलिए नहीं किया जा रहा है क्योंकि इनमें कुछ प्रभावशाली लोग शामिल हैं। मुंबई पुलिस ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक साल 2015 में सबसे ज्यादा 311 लोगों को सुरक्षा दी गई जिसके ऐवज में उसे 9 करोड़ 23 लाख रुपए से ज्यादा की रकम मिली थी। इसके अलावा इस साल के पहले तीन महीनों में 219 लोगों को पुलिस सुरक्षा दी गई जिनसे 1 करोड़ 54 लाख रुपए से ज्यादा वसूले गए। 2014 से 2018 (मार्च तक) मुंबई पुलिस को बतौर सुरक्षा शुल्क 29 करोड़ 91 लाख 20 हजार 377 रुपए मिले। 

 साल                  सुरक्षा दी गई                  वसूली गई रकम

2014                         271                       5,25,51,955
2015                         311                       9,23,62,267
2016                         205                       7,31,12,223
2017                         231                       6,56,69,765
2018 (मार्च तक)         219                       1,54,24,167

@दुष्यंत मिश्र

Similar News