जेल में बंद कैदी को प्रताड़ित न करने के लिए बेटे से ली घूस, दो हवलदार गिरफ्तार

जेल में बंद कैदी को प्रताड़ित न करने के लिए बेटे से ली घूस, दो हवलदार गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-03 13:10 GMT
जेल में बंद कैदी को प्रताड़ित न करने के लिए बेटे से ली घूस, दो हवलदार गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जेल में महिला कैदी मंजुला शेट्ये की हत्या के बाद विभाग के अधिकारियों ने दावा किया था कि वे हालात बदल देंगे। लेकिन नई मुंबई के तलोजा जेल से एक ऐसा मामला सामने आया है जिससे पता चलता है कि जेलकर्मियों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है। यहां घूस ले रहे दो हवलदारों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात ये है कि घूस की रकम जेल में बंद कैदी को प्रताड़ित न करने के ऐवज में ली जा रही थी। 

तलोजा जेल में तैनात थे दोनो 
पकड़े गए आरोपियों के नाम सोमनिंग कांबले (27) और महेश यादव (34) है। दोनों नई मुंबई स्थित तलोजा जेल में तैनात थे। गिरफ्तारी आरोपी घूस की पहली किश्त ले चुके थे लेकिन दूसरी किश्त लेते वे एसीबी की जाल में फंस गए। अब एसीबी अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपियों के कितने कैदियों को इस तरह परेशान कर वसूली की है। मामले के 32 वर्षीय शिकायतकर्ता के पिता तलोजा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। आरोपी पुलिसकर्मी शिकायतकर्ता के पिता को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। दोनों ने शिकायतकर्ता से कहा कि अगर वह चाहता है कि उसके पिता जेल में बिना किसी परेशानी के रहें तो 20 हजार रुपए घूस देनी होगी। 

पांच हजार रुपए का इंतजाम किया 
शिकायतकर्ता ने किसी तरह पांच हजार रुपए का इंतजाम कर आरोपी पुलिसवालों को दे दिए। लेकिन इसके बाद वे बाकी के 15 हजार रुपए देने के लिए दबाव बनाने लगे और कैदी को प्रताड़ित करने लगे। शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एसीबी को दे दी। इसके बाद एसीबी ने बुधवार शाम जाल बिछाया। इस दौरान कांबले ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपए की बकाया रकम देने को कहा और यादव ने यह रकम स्वीकार की। घूसखोरी की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी फिलहाल मामले की छानबीन में जुटी हुई है। 
 

Similar News