मुंबई में नौ वर्षों में 10 हजार लोगों ने लगाया मौत को गले, खुदकुशी करने में पुरुष आगे
मुंबई में नौ वर्षों में 10 हजार लोगों ने लगाया मौत को गले, खुदकुशी करने में पुरुष आगे
डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुष्यंत मिश्र। महानगर में नौ सालों में 10 हजार से ज्यादा लोगों ने आत्महत्या की है। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिली जानकारी से इसका खुलासा हुआ है। आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि आत्महत्या करने वालों में महिलाओं के मुकाबले पुरुषों की संख्या ज्यादा है। आरटीआई कार्यकर्ता शकील अहमद शेख ने मुंबई पुलिस से आत्महत्या से जुड़ी जानकारी मांगी थी।
उन्हें पुलिस विभाग की ओर से साल 2008 से 2016 तक आत्महत्या करने वालों के आंकड़े उपलब्ध कराए गए। जिसके मुताबिक इन सालों में कुल 10657 लोगों ने आत्महत्या की है। आत्महत्या करने वालों में 6507 पुरूष और 4150 महिलाएं हैं। शकील ने महानगर में आत्महत्या करने वाले नाबालिगों से जुड़ी जानकारी भी मांगी थी लेकिन एसीपी जनार्दन थोरात ने जानकारी दी कि आत्महत्या करने वालों से जुड़ी जानकारी उम्र के हिसाब से नहीं रखी जाती। साथ ही पुलिस के साल 2017 के आंकडे फिलहाल संकलित न होने की भी बात कही।
शकील शेख के मुताबिक लोग आर्थिक परेशानी और दूसरी वजहों से आत्महत्या कर लेते हैं लेकिन उनके जाने के बाद उनके परिवार की हालत और भी खराब हो जाती है। जो लोग ज्यादा तनाव में हैं ऐसे लोगों के लिए सरकार द्वारा मुफ्त काउंसलिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए।
साल आत्महत्याएं पुरुष महिलाएं
2008 1111 667 444
2009 1051 621 430
2010 1192 701 491
2011 1162 640 522
2012 1296 762 534
2013 1322 831 491
2014 1196 747 449
2015 1122 729 393
2016 1205 809 396