टिप्पणी: वडेट्टीवार को भाजपा न्याय देगी : बावनकुले

कहा- मेरा ऑफर नहीं है, लेकिन भविष्य में उन्हें भाजपा अच्छी लगेगी

Bhaskar Hindi
Update: 2023-11-15 06:04 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। फिलहाल विजय वडेट्टीवार विरोधी पक्ष नेता हैं। कुछ समय बाद उन्हें भाजपा में न्याय मिलेगा, तब उन्हें पता चलेगा कि भाजपा कितना न्याय करती है। वे भाजपा में आएंगे, मुझे ऐसा नहीं कहना है, लेकिन प्रत्येक बात का निर्णय समय करती है। वडेट्टीवार को मेरा ऑफर नहीं है, किन्तु कभी ऐसा भी समय आएगा कि उन्हें भाजपा अच्छी लगेगी। यह टिप्पणी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने की।

राजनीति में पार्टी बदलती रहती है  : नागपुर में शासन आपके द्वार कार्यक्रम में वे बोल रहे थे। बावनकुले ने कहा कि राजनीति में पारिवारिक संबंध कभी भी अलग नहीं रहते हैं। राजनीति, राजनीति की जगह होती है। पार्टी पार्टी की जगह होती है। व्यक्तिगत जीवन में पारिवारिक संबंध कायम रहना चाहिए, यही महाराष्ट्र की संस्कृति है। राजनीति में कोई किसी का स्थायी शत्रु या मित्र नहीं होता है। राजनीति में दिन और पार्टी बदलती रहती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विजय वडेट्टीवार आज या कल भाजपा को अच्छा कहेंगे।

रोहित पवार की यात्रा पर टिप्पणी नहीं : बावनकुले ने कहा कि उन्हें रोहित पवार की यात्रा पर कोई टीका-टिप्पणी नहीं करनी है। उनकी पार्टी है, उन्होंने यात्रा निकाली है। सत्ता में होने पर युवकों को रोजगार, प्रबोधन करने के लिए ढाई वर्ष में मौका था, लेकिन यात्रा नहीं निकाली। सरकार होने पर युवा यात्रा निकाली होती और युवाओं को रोजगार दिया होता तो अच्छा होता। अब यह यात्रा राजनेताओं की है।

ग्राम पंचायत चुनाव में भाजपा को सफलता : भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मनपा में प्रशासक किसके कारण हैं। वे कल चुनाव के पक्ष में है। ग्राम पंचायत चुनाव में भाजपा को सफलता मिली है। कभी भी चुनाव हुए तो भाजपा चुनाव के लिए तैयार है।

Tags:    

Similar News