फ्रॉड: टास्क पूरा करने का झांसा देकर लगाई 7.76 लाख रु. की चपत

  • कमाई होने का दो साइबर अपराधियों ने दिया था लालच
  • पुलिस थाना साइबर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2023-12-08 09:50 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक 54 वर्षीय व्यक्ति को यू ट्यूब पर कंपनी का क्लिप देखा और उसका स्क्रीन शॉट खींचकर भेजने व टास्क पूरा करने के नाम पर झांसा देकर दो साइबर अपराधियों ने 7.76 लाख रुपए की चपत लगा दी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्लॉट नंबर 89 नाईक रोड महल निवासी अरशद इकबाल हैदर खान (54) ने पुलिस थाना साइबर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 1 से 4 दिसंबर के दरमियान घर पर थे। तभी उनके मोबाइल पर अंजली नामक एक महिला ने मैसेज भेजकर उन्हें टेलिग्राम आईडी पर उन्हें जोड़ा। इसके बाद अंजली ने एक अन्य आरोपी के साथ मिलीभगत कर अरशद के साथ ठगी की योजना बनाई। अरशद को उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी द्वारा यू ट्यूब पर क्लिप डाली गई है। इस क्लिप को देखकर उसका स्क्रीन शॉट भेजने पर कंपनी की ओर से पैसे दिए जाते हैं। प्रत्येक स्क्रीन शॉट के लिए कंपनी पैसे भेजती है। आरोपियों ने अरशद से कहा कि यह टास्क पूरा करने पर कंपनी की ओर से उनके अकाउंट में वह पैसे भेजेंगे। 

कमीशन मिलने का लालच देकर फर्जी लिंक भेजा : आरोपियों ने अरशद का विश्वास हासिल करने के लिए शुरूआत में कुछ नकदी भेजी। इसके बाद जब अरशद को आरोपियों की बातों पर यकीन हो गया। तब आरोपियों ने उन्हें अलग- अलग टास्क भेजकर कहा कि इस टास्क को पूरा करने पर अधिक पैसे मिलेंगे। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें निवेश करने पर भी अधिक कमीशन मिलने का लालच देकर एक फर्जी लिंक भेजा।

पैसे वापस मांगने पर आनाकानी करने लगे : महिला सहित दोनों साइबर अपराधियों ने अरशद से अलग- अलग अकाउंट में करीब 7 लाख 76 हजार 922 रुपए ऑनलाइन ठग लिया। इसके बाद आरोपियों ने अरशद को कोई पैसे नहीं दिए। इसके बाद आरोपी अरशद के साथ बातचीत करने से कन्नी काटने लगे, तब अरशद को आरोपियों पर शक होने लगा। उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो आनाकानी करनी शुरू कर दी। उन्हें यकीन हो गया कि वह साइबर अपराधी के शिकंजे में फंस गए हैं। इसके बाद अरशद खान ने पुलिस थाना साइबर में शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में धारा 419, 420, 465, 468, 471, सहधारा 66 (ड) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News