मौसम का मिजाज: उपराजधानी में धूप - छांव और हल्की बारिश, फिलहाल मौसम का कोई अलर्ट नहीं

  • औसत से अधिक बना रहेगा तापमान
  • रविवार को सुबह अच्छी धूप खिली
  • कुछ समय बाद ही आसमान में बादल छा गए

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-11 13:31 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रविवार को शहर वासियों को एक साथ धूप-छांव व हल्की बारिश का नजारा देखने मिला। धूप-छांव का खेल दिन भर चला। एक पल में धूप और अगले पल आसमान में बादल छाने का सिलसिला चला। दोपहर में अचानक हल्की बारिश होने से मौसम का मिजाज ही बदल गया। बारिश बहुत कम समय के लिए हुई, लेकिन अपना एहसास जरूर करा गई। दिन में एक साथ मौसम के तीन रुप कम ही दिखाई देते हैं। मौसम के जानकारों की माने तो अगले कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश पर ब्रेक रहेगा। आसमान खुला रहेगा। उपराजधानी समेत पूर्वी विदर्भ में फिलहाल मौसम का कोई अलर्ट नहीं है।

रविवार को सुबह अच्छी धूप खिली थी। धूप खिलने के बाद लोग मान रहे थे कि अब मौसम खुल गया है। कुछ समय बाद ही आसमान में बादल छा गए। बादल छाते ही हल्की बारिश की आशंका बढ़ गई, लेकिन कुछ समय बाद फिर से मौसम खुल गया। दिन में धूप-छांव का खेल चलता रहा। धूप खिलने से जहां उमस का एहसास हो रहा था, वहीं बादल छाते ही थोड़ी ठंडक महसूस हो रही थी। दोपहर 2 बजे के दौरान अचानक हल्की बारिश हो गई। धूप-छांव व बारिश देखकर शहर वासी भी हैरत में पड़ गए। मौसम के जानकारों की माने तो स्थानीय स्तर पर होनेवाले मौसमी परिवर्तन के कारण हल्की बारिश हुई। अगले कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना नहीं है। मौसम का कोई अलर्ट नहीं है। धूप-छांव का खेल चलता रहेगा। मौसम का कोई तगड़ा सिस्टम नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर होनेवाले मौसमी परिवर्तन के कारण बीच-बीच में बूंदाबांदी हो सकती है।

औसत से अधिक बना रहेगा तापमान

मौसम खुलने के साथ ही अधिकतम तापमान औसत से अधिक बना रहेगा। नागपुर समेत पूर्वी विदर्भ में एक जैसा वातावरण बना रहेगा। तापमान में वृद्धि होगी। पारा चढ़ने से तापमान आैसत से अधिक बना रहेगा। उमस का एहसास होता रहेगा। अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ज्यादा ही रहने की संभावना है।

Tags:    

Similar News