क्राइम: कहीं डकैती डालने का प्रयास, तो कहीं नहर में मिला शव, इन मामलों की पड़ताल शुरु

  • नहर में मिला व्यक्ति का शव, घटना को लेकर संदेह
  • नकदी और आभूषण सहित 2 लाख का माल उड़ाया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-05 15:55 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. पुलिस की सतर्कता से वारदात से पूर्व ही डकैत हवलात पहुंच गए। एमआईडीसी पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गुरुवार को उन्हें अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी सतवीर सुरेंद्र हरड़े (22), हरिहर नगर बेसा, पवन राजेश आर्या (21), मनीष नगर, संदीप भरत वर्मा (23), महाकाली नगर झोपड़पट्टी, जितेंद्र गजेंद्र बेहरा (32), हिंगना रोड पर डिगडोह, कौशिक संजय सावंत (23), वर्धा रोड पर सोमलवाड़ा और प्रफुल राजू मेश्राम (22), सावित्रीबाई फुले नगर निवासी है। दरमियानी रात आरोपी कार (एम.एच.-49-सी.डी.-9152) से कहीं डकैती डालने की फिराक में थे। इसकी किसी ने फोन कर पुलिस को सूचना दे दी। इसे गंभीरता से लेकर पुलिस ने हिंगना रोड टी-प्वाइंट पर एक बार के पास जाल बिछाया और बरामद कार नंबर दिखाई देते ही पुलिस ने उन्हें घेरने का प्रयास किया, तो आरोपी भाग निकले। पश्चात फिल्मी स्टाइल में आरोपियों का पीछा कर कुछ अंतराल पर उन्हें दबोचने में पुलिस सफल रही। तलाशी के दौरान कार से तलवार, तीन चाकू, लोहे का रॉड, रस्सी आदि घातक सामग्री मिली। सभी आरोपी बदमाश है। बेलतरोड़ी सहित कई थानों में उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं। कार सहित कुल 7 लाख रुपए का माल कब्जे से जब्त िकया गया है। गुरुवार को जिला अदालत में पेश करने पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ निरीक्षक काले के मार्गदर्शन मामले की जांच-पड़ताल जारी है।

नहर में मिला व्यक्ति का शव, घटना को लेकर संदेह

उधर हिंगना तहसील के मांडव घोराड स्थित नहर में व्यक्ति का शव पाया गया। घटना को लेकर संदेह जताया जा रहा है। आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण हिंगना थाने में दर्ज किया गया। पर्यटन स्थल मोहगांव झिल्पी का देवरावजी राणे (49) निवासी था। वह खेती किसानी करता था। दोपहर करीब 12.30 बजे वह गांव के किसान हरिभाऊ निंघोट के खेत के पास नहर के बाजू में शौच के लिए बैठा था। उस समय उसके साथ मित्र सुरेश सुरपाम (42) था और उसने यह बात मित्र को बताई थी। इसलिए मित्र वहां से निकल गया। इस बीच देवरावजी का खेत नहर के पानी में पाया गया। संदेह है कि, संतुलन बगड़ने से वह नहर में गिरा होगा और उसकी मौत हो गई। उसके साथ घातपात होने का भी संदेह जताया जा रहा है।

सेना के वाहन ने युवक को उड़ाया, साथी मामूली रूप से घायल

इसके अलावा कामठी में सेना के वाहन ने दोपहिया वाहन को उड़ा दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। जूनी कामठी थाने में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। कामठी में गोरा बाजार छावनी परिसर निवासी कुणाल नंदाछोटेलाल कुलसंगे (18) रात करीब 8 बजे के दौरान मित्र के साथ कोई सामान लाने के लिए दोपहिया वाहन (एम.एच.-31-डी.आर.-3920) पर जा रहा था। इस दौरान सेना के क्यूआरटी वाहन के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर छावनी परिसर के तोप चौक में दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कुणाल और उसके मित्र को निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां कुणाल की मौत हो गई। उसके घायल मित्र भारी सदमे में है। वह कुछ बोलने की स्थिति में वह नहीं था। हादसे की भनक लगते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इससे कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। हादसे की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मेश्राम सदल-बल मौके पर पहुंचे। कुणाल अपने छोटे भाई और पिता के साथ रहता था। उसके पिता ट्रक चालक हैं। करीब चार महीने पहले उसकी मां भी सड़क हादसे में चल बसी थी। पिता की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

देव दर्शन के लिए गए परिवार के घर में चोरी, नकदी और आभूषण सहित 2 लाख का माल उड़ाया

वहीं देव दर्शन के लिए गए परिवार के घर में चोरों ने नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। नई कामठी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। कामठी तहसील के रामगढ़ स्थित आनंद नगर निवासी सरिता चित्रसेन सारवा (45) परिवार के साथ देव दर्शन के लिए मध्य प्रदेश गई थीं। 9 अगस्त से 5 सितंबर के बीच में चोरों ने मौका पाकर उनके घर के दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और बेडरूम में रखी अलमारी से करीब 83 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण, ऐसे कुल 2 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। सारवा परिवार देव दर्शन कर वापस घर लौटा, घटित प्रकरण का खुलासा हुआ। घर में सामान बिखरा पड़ा था। नकदी और कीमती सामान गायब था। आरोपियों के बारे में कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। परिसर के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News