क्राइम: शेयर ब्रोकर ने लालच में गंवाए 10 लाख रुपए, महिला अपराधी के चंगुल में फंसा युवक

  • तहसील थाने में प्रकरण दर्ज
  • चार गुना लाभ मिलने का लालच दिया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-08 16:33 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. युवा शेयर ब्रोकर पर महिला साइबर अपराधी भारी पड़ी। निवेश करने का झांसा देकर महिला ने युवक को 10 रुपए से चूना लगा दिया। तहसील थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। अभी तक आरोपी के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। बरामद नंबर के आधार पर साइबर टीम की मदद से उसकी तलाश जारी है।

पहले ग्रुप में जोड़ा, फिर लिंक भेजी

मोमिनपुरा में अंसार नगर निवासी मो. जाबिर मो. साबिर (34) शेयर ब्रोकर है। 1 से 4 अप्रैल 2024 के बीच में निशा पटेल, दिल्ली निवासी नामक महिला साइबर अपराधी ने उसे केकेआर इन्वेस्टमेंट एनॉलिस्ट नामक ग्रुप में जोड़ा और उसके वॉट्सएप नंबर पर फर्जी लिंक भेजी। ग्रुप में जाबिर की तरह अन्य कई निवेशक शामिल थे। उनके बीच में निवेश और लाभ को लेकर चैटिंग होती थी। चूंकि, जाबिर शेयर मार्केट का जानकार है। उसे इस कारोबार की बारीकियां पता होना स्वाभाविक है। बावजूद वह महिला के चंगुल में फंस गया।

चार गुना लाभ मिलने का लालच दिया

दरअसल, निशा ने उसे यकीन दिलाया था कि, उसके जरिए विविध कंपनियों के शेयर खरीदी-बिक्री करने से उसे चार गुना लाभ मिलेगा। झांसे में आकर जाबिर ने करीब 10 लाख रुपए का निवेश किया। उसके खाते में लाभ की रकम जमा भी दिखाई जा रही थी, लेकिन रकम को वह कैश नहीं कर पा रहा था। इस बारे में उसने निशा ने पूछताछ की, तो वह और रकम निवेश करने के लिए दबाव भी बनाने लगी, तब जाबिर को खुद ठगे जाने का एहसास हुआ और उसने तत्काल इसकी पुलिस से शिकायत की। जांच-पड़ताल में धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर गुरुवार को प्रकरण दर्ज कर लिया गया, लेकिन निशा के बारे में अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं िमला है। बरामद मोबाइल व खाता नंबर के आधार पर साइबर टीम की मदद से उसे सरगर्मी से तलाश किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News