रणनीति: विधानसभा चुनाव की तैयारी, महायुति में जिला स्तर पर बनेगी समन्वय समिति

  • सीटों पर दावों और परस्पर विराेधी बयानों पर नियंत्रण का होगा प्रयास
  • 1 सितंबर से विदर्भ में होगी प्रमुख नेताओं की सभाएं
  • योजनाओं के प्रचार के लिए भी बनेगी समितियां

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-19 14:50 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में पिछड़ने के बाद महायुति अर्थात भाजपा गठबंधन ने विधानसभा चुनाव के लिए व्यापक तैयारी की है। महायुति में शामिल तीनों प्रमुख दल भाजपा, शिवसेना शिंदे व राकांपा अजित में समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश की भांति जिला स्तर पर भी महायुति से समन्वय समिति बनाने की तैयारी चल रही है। प्रयास यही रहेगा कि महायुति में किसी भी तरह का मतभेद सार्वजनिक तौर पर न दिखे। सीटों पर दावों और परस्पर विराेधी बयानों पर नियंत्रण का प्रयास किया जाएगा। 1 सतिंबर को महायुति की विदर्भ में बड़ी सभा होगी। उसमें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार शामिल रहेंगे। समन्वय के अन्य पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।

भाजपा के एक पदाधिकारी के अनुसार हाल ही में नागपुर में समन्वय बैठक हुई। उसमें भाजपा की ओर से वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, प्रसाद लाड़, उपेंद्र कोठेकर, शिवसेना शिंदे की ओर से उद्योग मंत्री उदय सावंत, कृपाल तुमाने , नरेंद्र भोंडेकर, राकांपा अजित गुट के प्रशांत पवार,अनिल अहिरकर सहित अन्य पदाधिकारी थे। सभी प्रमुख पदाधिकारियों को चुनाव प्रचार संबंधी कार्यों के नियोजन की जानकारी दी गई। विशेषकर पूर्व विदर्भ में संवाद यात्रा के साथ ही महायुति की सभाओं को अधिक सफल बनाने का आवाहन किया गया है। फिलहाल 1 सितंबर को महायुति की सभा का स्थल तय नहीं हो पाया है। वह सभा साकोली के पास शेंदूरवाफा या चंद्रपुर जिले के ब्रम्हपुरी में भी ली जा सकती है। इसके अलावा गोंदिया नागपुर जिला ग्रामीण के कुछ क्षेत्रों पर भी चर्चा की गई है।

छोटी सभाओं की तैयारी

महायुति ने प्रदेश स्तर पर तीनों दल में समन्वय के लिए प्रसाद लाड़ के नेतृत्व में समिति बनायी है। जिला स्तर पर जल्द ही समन्वय समिति बनेगी। समिति के अलावा विधानसभा क्षेत्र स्तर पर छोटी सभाओं की तैयारी चल रही है। लाड़ली बहन योजना, लाड़ला भाई योजना, युवा बेरोजगारों के लिए प्रशिक्षण योजना के अलावा अन्य योजनाओं के प्रचार के लिए भी तीनों दल के सदस्यों की संयुक्त समितियां रहेगी। विधानसभा की उम्मीदवारी व सीट के संबंध में किसी भी तरह की बयानबाजी सार्वजनिक तौर पर नहीं करने को कहा गया है। 

Tags:    

Similar News