नागपुर: मेडिकल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी, गर्मी से राहत के लिए लगेंगे 2 सौ कूलर

  • मार्च में लगाए जाने थे, अप्रैल आ गया
  • पहले से पानी की समस्या है

Bhaskar Hindi
Update: 2024-04-09 12:22 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर का तापमान बढ़ने लगा है। इसका असर शहर के सरकारी अस्पतालों में भी दिखाई दे रहा है। मेडिकल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ चुकी है। गर्मियों के कारण किसी को कोई परेशानी न हो इसके लिए मेडिकल प्रशासन ने तैयारी कर ली है। वार्ड और कॉरिडोर में 200 कूलर लगाकर मेडिकल को ठंडा रखा जाएगा। अब तक 177 कूलर लग चुके हैं। 23 कूलर अगले दो दिन में लग जाएंगे। 4 कूलर की टंकी फूटने से उनके स्थान पर नई टंकिया लगाई जाएंगी।

मार्च में लगाए जाने थे, अप्रैल आ गया

दो दिन पहले शहर का तापमान अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। गर्मी के कारण सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ चुकी है, लेकिन मेडिकल पर इसका असर देर से हुआ है। यहां के वार्डों व कॉरिडोर में अब कूलर लगाए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अनेक स्थानों पर पंखे बंद पड़े हैं। जो पंखे चल रहे हैं, वे गर्म हवा दे रहे हैं। बताया गया कि मेडिकल में मार्च महीने में ही कूलर शुरू हो जाने चाहिए थे, लेकिन उस समय गर्मी नहीं होने का कारण सामने लाकर कूलर नहीं लगाए गए थे।

पहले से पानी की समस्या

वार्डों के अलावा मेडिकल परिसर इतना विशाल है कि यहां से वहां जाते-जाते थकान आती है। गर्मियों के दिनों में ऐसा करना काफी परेशानी का काम होता है। इसलिए आवाजाही करने वालों को राहत दिलाने के लिए कॉरिडोर में भी ठंडी हवा के लिए कूलर लगाए जाएंगे। इससे आवाजाही करने वालों को गर्मी का एहसास नहीं होगा। सूत्रों ने बताया कि मेडिकल में पानी की समस्या आ रही है। पिछले दिनों नागपुर महानगरपालिका ने मेडिकल में जलापूर्ति बराबर नहीं होने से फीडर दुरुस्ती का काम किया था।

गर्मियों के दिनों में अक्सर पानी की समस्या आती है। ऐसे में 200 कूलर के लिए पानी की व्यवस्था करना मेडिकल के लिए एक चुनौती है। जब तापमान अपने चरम पर पहुंचेगा, तब कूलर और पानी की असली कहानी सामने आएगी।


Tags:    

Similar News